जंगल छोड़ गांवों में घुसे जंगली भालू, ग्रामीणों में भय का माहौल
सिंगपुर क्षेत्र में बढ़ा वन्यजीवों का आतंक
उत्तम साहू
सिंगपुर/मगरलोड | 13 दिसंबर 2025 मगरलोड विकासखंड के सिंगपुर क्षेत्र में इन दिनों जंगली भालुओं की बढ़ती आवाजाही ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। जंगलों को छोड़कर भालू अब गांव की आबादी तक पहुंच रहे हैं और कई बार घरों के भीतर घुसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार सिंगपुर एवं आसपास के गांवों में देर रात और तड़के सुबह भालुओं की गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भालू भोजन की तलाश में गांवों की ओर आ रहे हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों पर खतरा मंडरा रहा है। लोग रात के समय घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।
संभावित जनहानि को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत सिंगपुर एवं मुड़केरा के ग्रामीणों ने वन विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने दक्षिण सिंगपुर वन परिक्षेत्र अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जंगली भालू को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है। साथ ही गांवों में रात्रिकालीन वन सुरक्षा गश्त की व्यवस्था करने की भी अपील की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है। वहीं वन विभाग से आश्वासन की उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कर ग्रामीणों को इस भय से राहत दिलाई जाएगी।

