आवासीय कन्या शिक्षा परिसर दुगली में पालक-शिक्षक सम्मेलन संपन्न
उत्तम साहू
नगरी/धमतरी। जिले के नगरी विकासखण्ड अंतर्गत शासकीय आवासीय कन्या शिक्षा परिसर दुगली में दिनांक 20 दिसंबर को पालक समिति एवं शिक्षकों का संयुक्त सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में कक्षावार शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा तिमाही परीक्षा परिणाम की जानकारी साझा करते हुए अर्धवार्षिक परीक्षा की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में छात्रावास प्रबंधन के अंतर्गत आवासीय व्यवस्था, भोजन व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की भी पालक समिति की उपस्थिति में समीक्षा की गई, जिस पर संतोषप्रद स्थिति पाई गई। इस अवसर पर विद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों, मूलभूत सुविधाओं एवं समस्याओं की जानकारी प्राचार्य द्वारा प्रस्तुत की गई। साथ ही शाला विकास में सामुदायिक सहभागिता की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
सम्मेलन में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पालक समिति सदस्यों द्वारा सामुदायिक सहभागिता के अंतर्गत विद्यालय परिसर में आकर्षक गार्डनिंग, साफ-सफाई, गेट निर्माण एवं मैदान समतलीकरण जैसे कार्यों को आर्थिक सहयोग एवं श्रमदान से पूर्ण करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष आशाराम ओटी, रतनलाल निषाद, राजबाई नेताम, विधायक प्रतिनिधि शत्रुघन साक्षी, पालक सदस्य मयाराम नागवंशी, बंशीलाल सोरी, रूमलाल नेताम, बालाराम मंडावी, केशव प्रजापति, शंभु टेकाम, जवाहर मरकाम सहित अनेक पालक उपस्थित रहे।
विद्यालय की ओर से प्राचार्य शांति पटेल, वरिष्ठ व्याख्याता पूर्णिमा सोम, प्रधान पाठक ओ.पी. वर्मा एवं भारत माल्या, छात्रावास अधीक्षिका राजकुमारी मंडावी, संकुल समन्वयक महेश कोसरे तथा शिक्षकगण हरक मंडावी, डी.एल. साहू, निर्मला ठाकुर, मीना साहू, सुनीता ध्रुव उपस्थित रहे।
पालक-शिक्षक सम्मेलन कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता देवानंद साहू द्वारा किया गया।

