नगरी में अटल परिसर का भव्य उद्घाटन: सीएम विष्णुदेव साय के वर्चुअल लोकार्पण से विकास को नई उड़ान
दलगत राजनीति से उपर उठकर नगर और छेत्र के विकास के लिए काम करेंगे.. अंबिका मरकाम
उत्तम साहू
नगरी/ छत्तीसगढ़ के हृदय स्थल नगरी नगर पंचायत में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेई के नाम परिसर का वर्चुअल लोकार्पण एक ऐतिहासिक क्षण साबित हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअली इस परिसर का उद्घाटन कर नगरी वासियों को विकास का अनमोल उपहार प्रदान किया। इस अवसर पर अटल जी की प्रतिमा का भावपूर्ण अनावरण भी हुआ, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरी के व्यापक विकास और योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड निर्माण हेतु भूमि आरक्षित कर शासन को 1.16 करोड़ रुपये का विस्तृत प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। इसके अतिरिक्त हाईस्कूल भवन का निर्माण, पुरानी बस्ती में पुलिया, नगरी मार्गों का चौड़ीकरण तथा अगले पांच वर्षों में जल आपूर्ति, सड़क और शिक्षा जैसे क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने वाली योजनाएं तैयार हैं। ये परियोजनाएं नगरी को आधुनिकता के पथ पर अग्रसर करेंगी।
अटल जी की दूरदृष्टि से छत्तीसगढ़ का जन्म
मुख्य अतिथि विधायक अंबिका मरकाम ने अटल बिहारी वाजपेई को कृतज्ञता के साथ नमन किया। उन्होंने कहा, "अटल जी की दूरदृष्टि ही छत्तीसगढ़ राज्य के गठन का आधार बनी। अटल जी सर्वमान्य नेता थे उनके नेतृत्व में देश ने एकता और विकास का ऐसा मॉडल देखा, जो आज भी प्रासंगिक है। नगरी जैसे छोटे नगरों को भी इसी दृष्टि से मजबूत बनाना होगा।" उनके उद्गारों ने उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति की लहर दौड़ा दी। कार्यक्रम में उपस्थित जिला अध्यक्ष प्रकाश बैस, पूर्व विधायक पिंकी शिवराज शाह,श्रवण मरकाम ने भी संबोधित करते हुए उनके द्वारा देश के लिए दिए गए योगदान को याद किया और अटल जी को नमन किया।
कार्यक्रम की खासियत रही फिल्टर प्लांट और स्ट्रीट लाइट स्थापना के भूमिपूजन। स्वच्छ जल और उज्ज्वल नगरी की ये परियोजनाएं स्थानीय निवासियों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करेंगी।
इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष विकास बोहरा, सीएमओ यशवंत वर्मा, उप अभियंता परमेश ध्रुव, स्वक्षता निरिक्षक दुर्गेश साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,पार्षद,अधिकारी कर्मचारी और हजारों नगरवासी इस समारोह में सम्मिलित हुए, जो नगरी के उज्ज्वल भविष्य का संकेत देता है।
पूरे कार्यक्रम के दौरान मंच का संचालन प्रदीप बंटी जैन ने किया
नगरी का सुनहरा भविष्य
यह उद्घाटन न केवल स्मारक स्थल का लोकार्पण है, बल्कि नगरी के समग्र विकास की प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है। अटल परिसर सामुदायिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा, जो युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करेगा। राज्य सरकार की योजनाओं से नगरी जल्द ही क्षेत्रीय महत्व का केंद्र बनकर उभरेगा।





