बच्चों के समग्र विकास पर जोर: कलेक्टर ने आश्रम-छात्रावासों की व्यवस्था की गहन समीक्षा की
उत्कृष्ट कार्य करने वाली अधीक्षिकाएँ सम्मानित
उत्तम साहू
धमतरी, 12 दिसंबर 2025। बच्चों को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और परिवार जैसा स्नेह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आश्रम-छात्रावास अधीक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं, इसलिए सभी अधीक्षक अपनी जिम्मेदारियों को संवेदनशीलता और समर्पण के साथ निभाएँ।
बैठक में आश्रम-छात्रावासों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्वास्थ्य परीक्षण की नियमित व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, चौकीदार एवं महिला होमगार्ड की तैनाती सहित सुरक्षा प्रबंधों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मौसमी आवश्यकताओं के अनुरूप बच्चों को गर्म कपड़े और यूनिफॉर्म वितरण की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
शैक्षणिक और बौद्धिक विकास को दृष्टिगत रखते हुए उन्होंने लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब को सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। जिन आश्रमों में टीवी उपलब्ध नहीं है, वहां शीघ्र व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि छात्र देश-दुनिया की जानकारी से जुड़े रहें। स्मार्ट कंप्यूटर लैब की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बच्चों को बेसिक कंप्यूटर प्रशिक्षण प्रदान करने को कहा, जिससे उनकी तकनीकी दक्षता में बढ़ोतरी हो सके।
कलेक्टर ने बताया कि अधीक्षकों को विशेष प्रबंधन और नेतृत्व प्रशिक्षण हेतु आईएएम में एक सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनकी कार्यकुशलता और प्रबंधन क्षमता में वृद्धि संभव हो सके।
बैठक के दौरान भोथापारा और सलोनी आश्रमों की अधीक्षिकाओं को उत्कृष्ट व्यवस्था एवं विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर डॉ. कल्पना ध्रुव, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री विमल साहू सहित सभी आश्रम-छात्रावास अधीक्षक उपस्थित रहे।


