भू-अभिलेख आधुनिकीकरण की ओर धमतरी का बड़ा कदम: कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

0


भू-अभिलेख आधुनिकीकरण की ओर धमतरी का बड़ा कदम: कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

कलेक्टर मिश्रा और संचालक नंदनवार का मैदानी निरीक्षण


           

                  उत्तम साहू धमतरी, 11 दिसंबर 2025

जिले में जारी नक्शा प्रोजेक्ट की जमीनी हकीकत जानने आज कलेक्टर अविनाश मिश्रा और संचालक भू-अभिलेख विनित नंदनवार खुद फील्ड में उतरे। दोनों अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों में चल रहे फिजिकल वेरिफिकेशन कार्यों का निरीक्षण करते हुए प्रोजेक्ट की प्रगति पर विस्तार से बातचीत की।

नगर पालिक निगम क्षेत्र के पाँच गाँव—धमतरी, गोकुलपुर, सोरिदभाट, बठेना और हटकेश्वर—में यह प्रोजेक्ट तेजी से आगे बढ़ रहा है। 40 वार्डों को 12 क्लस्टरों में बाँटकर 48 सर्वे टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजस्व निरीक्षक से लेकर चैनमैन तक, हर टीम में प्रशिक्षित कर्मियों की पूरी टुकड़ी उतारी गई है। बेहतर पर्यवेक्षण के लिए 12 दल प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें निगम के उपायुक्त, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, अधीक्षक एवं सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख सहित इंजीनियरिंग स्टाफ शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और संचालक ने साफ निर्देश दिए—
फील्ड वेरिफिकेशन बिल्कुल त्रुटिरहित हो।
GPS आधारित मैपिंग और सीमांकन में एक फीसदी भी ढिलाई न हो।
हर टीम तय समयसीमा का सख्ती से पालन करे।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि सर्वे टीमों द्वारा भेजे जाने वाले हर डेटा की नियमित समीक्षा होगी। किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत सुधार करने की जिम्मेदारी संबंधित टीम की होगी।

इस मौके पर एडीएम इंदिरा नवीन सिंह, प्रभारी अधिकारी भू-अभिलेख मनोज मरकाम, उप संचालक राकेश साहू, निगम उपायुक्त सार्वा, मास्टर ट्रेनर दीपचंद भारती सहित सभी सर्वे दल मौजूद रहे।

कलेक्टर ने अंत में कहा कि यह नक्शा प्रोजेक्ट सिर्फ भूमि अभिलेखों को अपडेट करने का काम नहीं है, बल्कि भविष्य की स्मार्ट नगरीय योजना की नींव भी तैयार कर रहा है।





Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !