विधायक अंबिका मरकाम शिव महापुराण कथा में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया
शिव महापुराण मानव जीवन को सरल, संयमित और अहंकार त्याग की प्रेरणा देता है.. अंबिका मरकाम
उत्तम साहू
नगरी। सिहावा देउरपारा स्थित प्राचीन कर्णेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित भव्य शिव महापुराण कथा के अवसर पर क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना हुआ है। इसी क्रम में क्षेत्रीय विधायक अंबिका मरकाम ने शिव महापुराण कथा में सहभागिता कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
शिव महापुराण के प्रसिद्ध कथावाचक गिरि बाबू द्वारा प्रस्तुत कथा के दौरान विधायक अंबिका मरकाम ने कथा श्रवण करते हुए कहा कि शिव महापुराण मानव जीवन को सरल, संयमित और अहंकार त्याग की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की भक्ति से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा व्यक्ति सेवा, करुणा और समर्पण के मार्ग पर अग्रसर होता है। विधायक ने क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए महादेव से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
कथा के दौरान गिरि बाबू ने शिव भक्ति, वैराग्य, सत्य और अहंकार के त्याग पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को जीवन में शिव तत्व को आत्मसात करने का संदेश दिया। उनकी ओजस्वी वाणी और सरल शैली से कथा स्थल पर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भानेंद्र ठाकुर, सचिन भंसाली, सन्नी मरकाम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के हजारों शिव भक्त उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शिव महापुराण कथा के आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक चेतना का संचार हो रहा है, वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।



