धमतरी में बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने कलेक्टर सख्त, प्राचार्यों को अल्टीमेटम
उत्तम साहू
धमतरी, 07 जनवरी 2026। जिले में आगामी बोर्ड परीक्षाओं के बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं जिले के समस्त प्राचार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कक्षा 10वीं का न्यूनतम 80 प्रतिशत तथा कक्षा 12वीं का 90 प्रतिशत से अधिक परीक्षा परिणाम हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं होगा, उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित प्राचार्य की होगी और आवश्यक होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं नजदीक हैं, ऐसे में सभी अधिकारी एवं प्राचार्य विद्यार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें, ताकि परिणामों में उल्लेखनीय सुधार हो सके।
बैठक में कलेक्टर ने बीआरसी, बीईओ, एपीसी, डीएमसी एवं डीईओ को नियमित निरीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन देने और तुलनात्मक समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक विकासखंड से कम से कम 5-5 विद्यालयों को शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम हेतु चिन्हांकित करने को कहा गया।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने अर्धवार्षिक परीक्षा के आधार पर कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर विशेष अध्यापन योजना तैयार करने तथा मेधावी विद्यार्थियों की सूची बनाकर उन्हें अतिरिक्त मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा परिणाम की समीक्षा बैठक प्रत्येक सप्ताह आयोजित की जाएगी और प्रगति पर नियमित चर्चा होगी।
विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए विगत पांच वर्षों के प्रश्नपत्र हल कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी शिक्षकों का टैग ऐप में पंजीयन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान विद्यालयों में विषयवार प्राप्त अंकों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती कल्पना ध्रुव, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अभय जायसवाल सहित शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

