नगरी विकासखंड के दिव्यांग आवासीय विद्यालय में नगर पंचायत अध्यक्ष का प्रेरणादायी दौरा
उत्तम साहू
नगरी/ विकासखंड के ग्राम देउरपारा में स्थित एकमात्र दिव्यांग आवासीय विद्यालय श्री बाला जी दिव्यांग आवासीय विद्यालय में नगरी नगर पंचायत अध्यक्ष श्री बलजीत छाबड़ा जी का गरिमामय आगमन हुआ। उनके विद्यालय परिसर में पहुँचते ही विद्यालय के संचालक श्री खेमराज साहू, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं द्वारा पारंपरिक एवं जोशपूर्ण तरीके से आत्मीय स्वागत किया गया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष श्री बलजीत छाबड़ा ने विद्यालय में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के साथ काफी समय व्यतीत किया। उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य, शिक्षा, दैनिक जीवन, रहन-सहन एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। अध्यक्ष महोदय ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दिव्यांगता किसी भी प्रकार से प्रतिभा और आत्मविश्वास की कमी नहीं है, बल्कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ये बच्चे समाज में मिसाल बन सकते हैं।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने, आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत के सभापति श्री अश्वनी निषाद एवं पार्षद चेलेश्वरी साहू, अंबिका ध्रुव भी उपस्थित रहीं। सभी जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के संचालक श्री खेमराज साहू ने नगर पंचायत अध्यक्ष एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायी दौरे से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें आगे बढ़ने की नई ऊर्जा मिलती है।
यह दौरा न केवल बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत रहा, बल्कि समाज में दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करने वाला सिद्ध हुआ।

