साहू पेट्रोल पंप के पास अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़
अर्जुनी पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, 5.02 लाख का माल जप्त
उत्तम साहू
धमतरी, 16 जनवरी। जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। इसी क्रम में अर्जुनी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साहू पेट्रोल पंप के पास से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 पौवा देशी शराब और एक छोटा हाथी वाहन जप्त किया है, जिसकी कुल कीमत 5 लाख 2 हजार 800 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, एसपी धमतरी के निर्देश पर जिलेभर में अवैध नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ युवक अवैध शराब लेकर बिक्री के लिए परिवहन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम आमदी स्थित साहू पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर दो युवकों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एकमचंद कुर्रे (19 वर्ष), पिता किसन कुर्रे और हुमन निर्मलकर (22 वर्ष), पिता अगेश्वर निर्मलकर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी कंवर चौकी कंवर, थाना गुरूर, जिला बालोद के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 पौवा देशी शराब (कीमत करीब 2,800 रुपये) तथा छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG-24-V-8599 (कीमत करीब 5 लाख रुपये) जप्त किया है। कुल जप्त मशरूका की कीमत 5 लाख 2 हजार 800 रुपये आंकी गई है।
मामले में थाना अर्जुनी में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि धमतरी पुलिस ने एक दिन पूर्व ही 12.5 किलोग्राम गांजा जप्त कर दो युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जिले में अवैध नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा कसता नजर आ रहा है।

