अवैध धान कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा, नगरी–मगरलोड में फर्में सील, वाहन जब्त
उत्तम साहू
धमतरी, 19 जनवरी 2026। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर जिले में अवैध रूप से धान के संग्रहण और विक्रय में संलग्न फर्मों व कोचियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में 18 जनवरी को नगरी और मगरलोड विकासखंड में संयुक्त टीम द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई।
नगरी विकासखंड में राजस्व विभाग, मंडी विभाग और विकासखंड स्तरीय उड़नदस्ता दल ने संयुक्त जांच की। जांच के दौरान ग्राम बोराई स्थित रोशन ट्रेडर्स (संचालक पदम भंसाली), ग्राम घुटकेल स्थित शिवम ट्रेडर्स (संचालक सुमित खंडेलवाल) एवं साहू ट्रेडर्स (संचालक सीताराम साहू), तथा ग्राम आमाबहरा स्थित पीयूष ट्रेडर्स (संचालक राकेश नाग) में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नगरी के आदेश के परिपालन में इन फर्मों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 126/135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
इसी तरह मगरलोड तहसील में ग्राम मगरलोड निवासी संत राम साहू (पिता बृज लाल साहू) और इंदु प्रकाश साहू (पिता उदय साहू) द्वारा मंडी अधिनियम 1972 का बार-बार उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से धान का संग्रहण और परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान दोनों कोचियों से धान तथा परिवहन में प्रयुक्त वाहन जब्त किए गए। उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 170/126B एवं 135(3) के तहत कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध धान कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

