मगरलोड..शा.उच्च.माध्य.विद्यालय में राजयोग मेडिटेशन से भयमुक्त होकर परीक्षा की तैयारी का संदेश,

0

मगरलोड..शा.उच्च.माध्य.विद्यालय में राजयोग मेडिटेशन से भयमुक्त होकर परीक्षा की तैयारी का संदेश, 

ब्रम्हा कुमारी बहनों के द्वारा मोटिवेशनल कार्यक्रम आयोजित



उत्तम साहू 

मगरलोड। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मगरलोड में ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से छात्र–छात्राओं के लिए परीक्षा तैयारी को लेकर एक प्रेरणादायी एवं सकारात्मक वातावरण में मोटिवेशनल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी अखिलेश बहन एवं तनू बहन ने विद्यार्थियों को परीक्षा का भय दूर कर आत्मविश्वास के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर अखिलेश बहन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “परीक्षा जीवन का एक पड़ाव है, इससे डरने की नहीं बल्कि समझदारी और एकाग्रता के साथ सामना करने की आवश्यकता है।” उन्होंने बताया कि राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से मन को शांत, एकाग्र और सकारात्मक बनाया जा सकता है, जिससे पढ़ाई में रुचि बढ़ती है और सफलता के मार्ग प्रशस्त होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव, घबराहट और नकारात्मक विचारों से दूर रहने की सीख दी।

तनू बहन ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि नियमित राजयोग मेडिटेशन करने से आत्मबल बढ़ता है, स्मरण शक्ति मजबूत होती है और परीक्षा के समय आत्मविश्वास बना रहता है। उन्होंने सरल शब्दों में मेडिटेशन की प्रक्रिया समझाते हुए छात्राओं को ध्यान अभ्यास भी कराया, जिससे विद्यार्थियों ने मानसिक शांति और सुकून का अनुभव किया।


कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और संतुलित मन से प्राप्त होती है। ब्रह्माकुमारी बहनों ने छात्रों को प्रतिदिन कुछ समय स्वयं के लिए निकालकर ध्यान एवं सकारात्मक चिंतन करने की सलाह दी।

इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य आत्माराम साहू ने ब्रह्माकुमारी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। व्याख्याता विकास साहू सहित विद्यालय की समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यक्रम में उपस्थित रहीं और उन्होंने भी इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने मोटिवेशनल सत्र को अत्यंत लाभकारी बताया और परीक्षा की तैयारी को लेकर आत्मविश्वास महसूस किया। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !