धान उपार्जन में पारदर्शिता और तत्परता, कलेक्टर के निरीक्षण से व्यवस्थाएं सुदृढ़

0

 

धान उपार्जन में पारदर्शिता और तत्परता, कलेक्टर के निरीक्षण से व्यवस्थाएं सुदृढ़
किसानों को समय पर खरीदी और भुगतान सुनिश्चित करने प्रशासन प्रतिबद्ध



उत्तम साहू 

धमतरी, 21 जनवरी 2026/ शासन द्वारा 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी अब अपने अंतिम चरण में है। धमतरी जिले में धान उपार्जन की प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुव्यवस्थित और किसान-हितैषी बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा लगातार मैदानी स्तर पर खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।

इसी क्रम में आज कलेक्टर ने धमतरी, मगरलोड और कुरूद विकासखंड के धान खरीदी केंद्र बठेना, भोथली, बगौद, भाटागांव, कोड़ेबोड़, कोकड़ी, करेलीबड़ी, कुंडेल, मगरलोड एवं बोरसी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया तथा किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।



अब तक कलेक्टर श्री मिश्रा जिले के लगभग 40 धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर चुके हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने टोकन कटने की स्थिति, धान विक्रय, रकबा समर्पण, धान उठाव एवं भुगतान प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन किसानों के टोकन पहले ही कट चुके हैं, उनका धान प्राथमिकता के आधार पर बिना किसी विलंब के खरीदा जाए। कलेक्टर ने कहा कि छोटे, सीमांत और वास्तविक किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े, यह जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

रकबा समर्पण एवं फसल सत्यापन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अवैध धान परिवहन, भंडारण और फर्जी बिक्री पर सख्त नियंत्रण के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ किए जाएं।



कलेक्टर ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि पहली बार धान विक्रय हेतु टोकन कटवाने वाले किसानों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन किया जाए। सत्यापन के दौरान यदि फर्जी रकबा, अवैध धान बिक्री या अन्य अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईमानदार किसानों को किसी भी स्थिति में परेशान न किया जाए और उनकी उपज की समय पर खरीदी व भुगतान सुनिश्चित हो।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था, तौल प्रक्रिया एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने धान उठाव की गति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि समयबद्ध उठाव से केंद्रों में भीड़ कम होगी, भंडारण की समस्या नहीं आएगी और किसानों को शीघ्र भुगतान मिल सकेगा।

उल्लेखनीय है कि जिले की 74 उपार्जन समितियों के माध्यम से कुल 1,29,327 किसानों का 1,27,504.80 हेक्टेयर रकबा पंजीकृत किया गया है। 15 नवंबर 2025 से अब तक 1,16,388 किसानों से 55,51,317.6 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है, जिसकी कुल राशि 1,316.14 करोड़ रुपये है। इसके विरुद्ध 1,05,376 किसानों को 1,208.63 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।

22 जनवरी 2026 के लिए 1,982 किसानों को टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 8,421.38 क्विंटल धान की खरीदी प्रस्तावित है। अब तक 22,37,546.8 क्विंटल धान का उठाव हो चुका है, जबकि 33,13,770.8 क्विंटल धान उपार्जन केंद्रों में उठाव हेतु शेष है। इसके साथ ही जिले में 91,986 किसानों का 5,182.91 हेक्टेयर रकबा समर्पण कराया जा चुका है।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने भरोसा दिलाया कि जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया अंतिम दिन तक सुचारू रूप से संचालित की जाएगी, ताकि प्रत्येक पात्र किसान को उसकी उपज का उचित मूल्य समय पर प्राप्त हो सके।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !