वीबीजी रामजी कार्यशाला में ग्राम विकास पर जोर, 2047 के विकसित भारत लक्ष्य में ग्रामीणों की भूमिका अहम – अरुण सार्वा
उत्तम साहू
मगरलोड। जनपद पंचायत मगरलोड परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा की अध्यक्षता में वीबीजी रामजी विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के सरपंच, उपसरपंच, सचिव और रोजगार सहायकों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि विकास कार्यों की जिम्मेदारी सरपंचों के माध्यम से ही पूरी होती है, इसलिए सभी जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में ग्रामीण क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसके लिए सभी की सक्रिय सहभागिता जरूरी है।
उन्होंने बताया कि वीबीजी रामजी के माध्यम से जल सुरक्षा और जल संबंधी कार्यों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही ग्रामीण अधोसंरचना मजबूत होगी, आजीविका के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय स्तर पर क्षमता विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि गांव का समग्र विकास सरपंच, उपसरपंच, सचिव और रोजगार सहायकों के आपसी सहयोग व समन्वय से ही संभव है। योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर ही ग्राम विकास की परिकल्पना साकार की जा सकती है।
कार्यशाला के अंत में जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सभापति सहकारिता एवं उद्योग समिति मीना डेमू साहू, जिला पंचायत सदस्य अनीता ध्रुव, सीईओ जनपद पंचायत मगरलोड दिव्या ठाकुर, जनपद सदस्य नंदनी साहू, त्रितोत्मा साहू, कृष्ण कुमार ध्रुव, यमुना साहू, केवल राम कवर, पोमीन साहू, डूगेश्वरी साहू, रामकुमारी कश्यप, रामजी नेताम, विनीता साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष मगरलोड राखी साहू सहित जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।



