कुपोषण मुक्ति की पहल: मगरलोड में 244 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण, संयुक्त शिविर आयोजित
उत्तम साहू, मगरलोड
धमतरी, 21 फरवरी 2026। जिले में कुपोषण मुक्ति की दिशा में प्रशासन ने प्रयास तेज कर दिए हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग मगरलोड और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मगरलोड के रामलीला मैदान में ब्लॉक स्तरीय बच्चों का विशाल स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 244 बच्चों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार व परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर में Petel’s Children Hospital की पीडियाट्रिशियन टीम—डॉ. शिवानी, डॉ. मानसी तथा काउंसलर—ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। परियोजना अधिकारी सुमीत गंडेचा ने बताया कि जनवरी माह की पोषण ट्रैकर रिपोर्ट के आधार पर चिन्हित गंभीर कुपोषित बच्चों सहित अन्य बच्चों को जांच के लिए बुलाया गया था। मगरलोड ब्लॉक के सभी गांवों से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अभिभावकों के साथ बच्चों को लेकर पहुंचे।
यह आयोजन विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना के अंतर्गत किया गया। क्षेत्रीय आवश्यकता को देखते हुए पीडियाट्रिशियन जांच की व्यवस्था डॉ. प्रतीक शाह (शाह नर्सिंग होम) के सहयोग से सुनिश्चित की गई। उन्होंने बताया कि ब्लॉक के सिंगपुर एवं पठार क्षेत्र में कुपोषण की दर अपेक्षाकृत अधिक है, जिस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में शिविर के दौरान मोबाइल मेडिकल यूनिट से वयस्कों की भी जांच की गई। सुदूर क्षेत्रों से बच्चों को लाने हेतु स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस व अन्य वाहनों की सुविधा उपलब्ध कराई।
शिविर में सभी बच्चों को आयुर्वेद विभाग द्वारा स्वर्णप्राशन कराया गया तथा स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के माध्यम से दवाइयों का वितरण किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री जन औषधि योजना के अंतर्गत पोषण पाउडर भी वितरित किया गया। अभिभावकों को संतुलित आहार, कुपोषण के कारण, सही वजन और पोषण संबंधी जानकारी दी गई तथा पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) के बारे में जागरूक किया गया। कई अभिभावकों ने एनआरसी का भ्रमण कर बच्चों को भर्ती कराने की सहमति भी दी।
UNICEF के जिला समन्वयक दीपक गोजे ने संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि एक ही आयोजन में स्वास्थ्य जांच, उपचार और जागरूकता जैसे अनेक उद्देश्यों की पूर्ति हुई है। कार्यक्रम के अंत में स्थानीय जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र साहू ने Petel’s Children Hospital को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
शिविर की सफलता में परियोजना अधिकारी सुमीत गंडेचा, खंड चिकित्सा अधिकारी शारदा ठाकुर, बीपीएम मनोज पटेल, चिरायु टीम के डॉ. चक्रधारी, अंजलि धृतलहरे, फार्मासिस्ट संतोष, पर्यवेक्षक एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

