कुरूद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो मामलों में गांजा तस्करी पर शिकंजा, तीन आरोपी गिरफ्तार
उत्तम साहू
धमतरी, 21 फरवरी 2026। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत थाना कुरूद पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा बिक्री में लिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1045 ग्राम गांजा, नगदी और मोबाइल सहित 30,440 रुपये का सामान जब्त किया। सभी आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
भरदा चौक में दो आरोपी पकड़े गए
पहले मामले में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भरदा चौक कुरूद स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास दो व्यक्ति गांजा बेच रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर हीरालाल मण्डावी (42) और बिरेन्द्र नेताम (36) को पकड़ा।
तलाशी में हीरालाल मण्डावी से 110 ग्राम गांजा और 3290 रुपये नगद बिरेन्द्र नेताम से 550 ग्राम गांजा 02 मोबाइल (लगभग 10,000 रुपये) व पॉलीथीन बरामद हुए। कुल 660 ग्राम गांजा सहित 19,190 रुपये का सामान जब्त किया गया। दोनों के खिलाफ थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 43/2026 दर्ज कर कार्रवाई की गई।
कन्हारपुरी रोड पुलिया के पास तीसरा आरोपी गिरफ्तार
दूसरे मामले में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कन्हारपुरी रोड पुलिया के पास एक व्यक्ति गांजा बेच रहा है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर खेमराज उर्फ नानू नगारची (35) निवासी डांडेसरा को पकड़ा। उसके पास से 385 ग्राम गांजा 1,750 रुपये नगद ओप्पो एंड्रॉयड मोबाइल खाली पॉलीथीन
कुल मिलाकर 11,250 रुपये का सामान जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 44/2026 दर्ज कर जेल भेजा गया।
पुलिस की अपील
धमतरी पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

