शिक्षा और ज्ञान को नई उड़ान: धमतरी में बनेगा अत्याधुनिक 500 सीटर नालंदा परिसर
युवाओं के सपनों को मिलेगा सशक्त आधार, जिले को शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान
उत्तम साहू,धमतरी, 6 फ़रवरी 2026।
धमतरी जिले के शैक्षणिक, बौद्धिक एवं ज्ञान आधारित विकास को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के रूप में जिले को बड़ी सौगात मिली है। नगर के प्रतिष्ठित नालंदा परिसर (सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग ज़ोन) को 250 सीटर से विस्तारित कर 500 सीटर किए जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह अत्याधुनिक एवं बहुमंजिला नालंदा परिसर लगभग 11 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से निर्मित किया जाएगा।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने के पश्चात धमतरी जिले के विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं तथा अध्ययनशील नागरिकों को उच्चस्तरीय एवं आधुनिक अध्ययन सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। यह परिसर जिले में ज्ञान आधारित वातावरण को सुदृढ़ करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
पूर्व में हटकेश्वर वार्ड में 250 सीटर नालंदा परिसर की स्वीकृति प्राप्त हुई थी, किंतु जिला प्रशासन एवं नगर निगम के सतत प्रयासों, सक्रिय पहल तथा राज्य स्तर पर निरंतर संवाद के परिणामस्वरूप मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा इस परियोजना को और अधिक व्यापक स्वरूप प्रदान करते हुए 500 सीटर किए जाने की स्वीकृति दी गई। इस विस्तार से न केवल अध्ययन क्षमता में दोगुनी वृद्धि होगी, बल्कि जिले में आधुनिक पुस्तकालय संस्कृति को भी नई मजबूती मिलेगी।
निर्माण उपरांत नालंदा परिसर एक आकर्षक, भव्य एवं सर्वसुविधायुक्त शैक्षणिक भवन के रूप में विकसित होगा। यहां शांत एवं सुव्यवस्थित अध्ययन वातावरण, डिजिटल संसाधन, ई-लाइब्रेरी, वाई-फाई सुविधा, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, वातानुकूलित अध्ययन कक्ष, लिफ्ट सुविधा तथा आधुनिक सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह परिसर विशेष रूप से राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक आदर्श अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित होगा।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने 500 सीटर नालंदा परिसर को धमतरी जिले के शैक्षणिक वातावरण को सशक्त करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह परिसर विद्यार्थियों एवं युवाओं को शांत, आधुनिक और संसाधनयुक्त अध्ययन स्थल प्रदान करेगा, जिससे वे अपने लक्ष्य की ओर एकाग्रता एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने हेतु सभी आवश्यक प्रक्रियाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
महापौर श्री रामू रोहरा ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में सरकार के गठन के पश्चात सुशासन की स्थापना हुई है और विकास कार्यों को नई गति मिली है। धमतरी के प्रति मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता एवं दूरदर्शी सोच का यह प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सहयोग से धमतरी निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा और शिक्षा व अधोसंरचना के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
प्रस्तावित नालंदा परिसर का निर्माण 0.60 हेक्टेयर भूमि पर किया जाएगा। इसके अंतर्गत ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर, सेकेंड फ्लोर एवं टावर फ्लोर सहित बहुमंजिला लाइब्रेरी भवन का निर्माण होगा। भवन में एसीपी एवं वॉल क्लैडिंग कार्य, 13 पैसेंजर क्षमता की लिफ्ट तथा 70 यूनिट एयर कंडीशनिंग सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी।
इसके अतिरिक्त परिसर में सी.सी. रोड, पेवर ब्लॉक, बाउंड्रीवाल, गार्ड रूम, भव्य प्रवेश द्वार, लैंडस्केपिंग, बाह्य सेनेटेशन एवं जल आपूर्ति व्यवस्था, बोरवेल, आर.सी.सी. नाली, सेप्टिक टैंक, एल.ई.डी. लाइटिंग, सोलर पैनल, ट्रांसफार्मर, सी.सी.टी.वी. कैमरे तथा आधुनिक फायर फाइटिंग सिस्टम की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी। वहीं नॉन-एसओआर मद के अंतर्गत आधुनिक फर्नीचर, पुस्तकों की समृद्ध व्यवस्था एवं टेंसाइल रूफ का भी प्रावधान किया गया है।
समग्र रूप से, 500 सीटर नालंदा परिसर धमतरी जिले के युवाओं के लिए ज्ञान, अनुशासन और उज्ज्वल भविष्य का एक सशक्त केंद्र सिद्ध होगा तथा जिले को शिक्षा के क्षेत्र में एक नई और सशक्त पहचान प्रदान करेगा।

