कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कुकरेल, केरेगांव और सरईटोला में जनता से किया सीधा संवाद

0

 

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कुकरेल, केरेगांव और सरईटोला में जनता से किया सीधा संवाद

समग्र ग्राम विकास हेतु आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर, सरईटोला में कुसुम वृक्ष के नीचे जनसंवाद


             उत्तम साहू,धमतरी, 28 फरवरी 2026।

जिले के विकासखंड नगरी अंतर्गत ग्राम कुकरेल, केरेगांव एवं सरईटोला का दौरा कर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने पंचायत पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं ग्रामीणों के साथ विस्तृत बैठक की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के समग्र एवं सुनियोजित विकास पर बल देते हुए कहा कि इन ग्रामों का भौगोलिक एवं सामाजिक महत्व तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बैंकिंग, संचार एवं रोजगार जैसे सभी मूलभूत क्षेत्रों को शामिल करते हुए चरणबद्ध विकास योजना तैयार की जानी चाहिए।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर संकलित कर समय-सीमा में शासन को भेजे जाएं, ताकि स्वीकृति प्राप्त होते ही क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

कुकरेल में कॉलेज, बैंक शाखा और व्यावसायिक परिसर की मांग

ग्राम कुकरेल में आयोजित बैठक में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने महाविद्यालय स्थापना की प्रमुख मांग रखी। उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा के लिए छात्राओं को धमतरी तक आवागमन करना पड़ता है, जिससे समय, सुरक्षा और आर्थिक चुनौतियां उत्पन्न होती हैं।

मुख्य मार्ग पर वन भूमि पर निर्मित दुकानों के कारण व्यापारियों को प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही बैंक शाखा के अभाव में ग्रामीणों को दूरस्थ स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता है।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्य मार्ग पर सुव्यवस्थित व्यावसायिक परिसर विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की जाए तथा वन भूमि संबंधी प्रक्रियाओं का त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने सामुदायिक भवन निर्माण के प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और कौशल उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर विशेष जोर दिया।

केरेगांव में उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य और नेटवर्क सुविधा पर फोकस

ग्राम केरेगांव में आयोजित बैठक में महाविद्यालय स्थापना, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रारंभ करने, बैंक शाखा खोलने एवं मोबाइल नेटवर्क समस्या के समाधान की मांग प्रमुखता से उठाई गई। ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति में आ रही कठिनाइयों से भी अवगत कराया।

कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि छह माह के भीतर नेटवर्क समस्या के समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे तथा बैंक शाखा प्रारंभ करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केंद्र को समिति से जोड़ा जा रहा है, जिससे खाद-बीज एवं ऋण सुविधा सुलभ होगी।

उन्होंने कहा कि भारतमाला सड़क परियोजना पूर्ण होने के बाद केरेगांव क्षेत्र को विशेष लाभ मिलेगा और मुख्य मार्ग के आसपास व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए एंबुलेंस एवं चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

पेयजल समस्या के समाधान हेतु अप्रैल माह से पूर्व जल जीवन मिशन के अंतर्गत नियमित जल प्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही नाथूकोना को प्रदेश का प्रथम सोलर ग्राम विकसित करने की दिशा में चल रहे कार्यों की जानकारी देते हुए इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।

            सरईटोला में कुसुम वृक्ष के नीचे जनसंवाद


ग्राम सरईटोला में कलेक्टर श्री मिश्रा ने कुसुम वृक्ष के नीचे बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल आपूर्ति, सड़क की स्थिति एवं सामुदायिक भवन की मरम्मत संबंधी जानकारी ली और आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

स्कूल भवन की मरम्मत एवं आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि गढ़िया महोत्सव को और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन विशेष पहल करेगा।

ग्राम स्तर पर आंगनबाड़ी, राशन दुकान एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार हेतु प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए।

चरणबद्ध कार्यवाही का भरोसा

बैठकों के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से सुझाव आमंत्रित करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही विकास को गति मिलती है। सभी मांगों एवं प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर चरणबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर, एसडीएम नगरी श्री मनोज मरकाम, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा श्री राठौर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्री विमल साहू, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत नगरी श्री रोहित बोरझा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !