पोस्ट ऑफिस घोटाला: ग्रामीणों की जमा पूंजी लेकर पोस्ट मास्टर फरार, करोड़ों की ठगी से मचा हड़कंप

0

पोस्ट ऑफिस घोटाला: ग्रामीणों की जमा पूंजी लेकर पोस्ट मास्टर फरार, करोड़ों की ठगी से मचा हड़कंप



डोंगरगढ़। क्षेत्र के ग्राम पंचायत जटकन्हार स्थित पोस्ट ऑफिस में करोड़ों रुपये के कथित गबन का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पोस्ट मास्टर आशीष मंडावी पर आरोप है कि उसने वर्षों तक ग्रामीणों को झांसे में रखकर उनकी जमा राशि हड़प ली और अब फरार हो गया है। शिकायत मिलने के बाद थाना डोंगरगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


किसान के खाते से खुला बड़ा राज

घोटाले का खुलासा उस समय हुआ जब एक युवा किसान अपने खाते से एक लाख रुपये निकालने पोस्ट ऑफिस पहुंचा। खाते की जांच करने पर उसमें तीन लाख रुपये के बजाय मात्र तीन हजार रुपये ही शेष मिले। रकम गायब देखकर किसान सन्न रह गया। इसके बाद अन्य खाताधारकों ने भी अपने खाते चेक कराए, तो कई खातों में भारी गड़बड़ी सामने आई और बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हो गया।


नकली पासबुक से चल रहा था खेल

ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी पोस्ट मास्टर पिछले लगभग दस वर्षों से बेलगांव, माड़ीतराई, कटली, धुसेरा, हरणसिंधी, नागतराई, डारागांव और जामरी सहित करीब आठ गांवों के लगभग 3000 खाताधारकों को नकली पासबुक देकर जमा राशि की एंट्री दिखाता था, जबकि वास्तविक रिकॉर्ड में रकम दर्ज ही नहीं की जाती थी। इसी तरीके से धीरे-धीरे एक करोड़ रुपये से अधिक की राशि गबन किए जाने की आशंका जताई जा रही है।


आक्रोशित ग्रामीण, पैसे वापसी की मांग

मामला सामने आने के बाद प्रभावित ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने प्रशासन से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और उनकी जमा पूंजी सुरक्षित वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि वास्तविक गबन की रकम का पता लगाया जा सके।


जांच तेज, और खुलासों की संभावना

प्राथमिक जांच में यह मामला लंबे समय से चल रहे सुनियोजित फर्जीवाड़े का प्रतीत हो रहा है। पुलिस और विभागीय अधिकारी संयुक्त रूप से दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। आशंका है कि जांच आगे बढ़ने पर घोटाले की रकम और बढ़ सकती है।




Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !