जिले में सुरक्षित खाद्य उपलब्धता को लेकर प्रशासनिक पहल
मगरलोड ब्लॉक के 158 खाद्य कारोबारकर्ताओं ने लिया फोस्टैक प्रशिक्षण
उत्तम साहू
धमतरी, 8 फरवरी 2026/ जिले में आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य कारोबारकर्ताओं को जागरूक और प्रशिक्षित करने की दिशा में प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड में खाद्य कारोबारकर्ताओं हेतु फोस्टैक (FoSTaC) प्रशिक्षण का सफल आयोजन किया गया।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI), नई दिल्ली के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य खाद्य कारोबार संचालन में स्वच्छता, सुरक्षा एवं वैज्ञानिक मानकों के प्रति कारोबारकर्ताओं को दक्ष बनाना है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य कारोबार का अनुज्ञापन एवं पंजीयन) विनियम, 2011 की अनुसूची-4 के अंतर्गत खाद्य की हैंडलिंग, प्रसंस्करण, भंडारण, पैकिंग, परोसने एवं वितरण से जुड़े सभी कारोबारकर्ताओं का प्रशिक्षण अनिवार्य है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग, जिला धमतरी द्वारा लगातार खाद्य कारोबारकर्ताओं से नियमानुसार अनुज्ञप्ति/पंजीयन प्राप्त कर एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है। इसी के तहत एफएसएसएआई से मान्यता प्राप्त संस्था प्रखर फाउंडेशन के समन्वय से मगरलोड एवं ग्राम मेद्या में स्थानीय स्तर पर फोस्टैक प्रशिक्षण बैच आयोजित किए गए, जिससे कारोबारकर्ताओं को बाहर जाने की आवश्यकता न पड़े।
दिनांक 6 एवं 7 फरवरी 2026 को सामुदायिक भवन, मगरलोड तथा अटल समरसता ग्राम पंचायत भवन, मेद्या में आयोजित प्रशिक्षण में कुल 158 खाद्य कारोबारकर्ताओं ने सहभागिता की। इनमें 107 किराना एवं कैटरिंग व्यवसाय तथा 51 स्ट्रीट फूड व्यवसाय से जुड़े कारोबारी शामिल रहे। प्रशिक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं वैज्ञानिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण हेतु एफएसएसएआई, नई दिल्ली के अधिकृत प्रशिक्षक श्री विवेक पाठक उपस्थित रहे, जो देश के शीर्ष 10 प्रशिक्षकों में शामिल हैं। उन्होंने अब तक देशभर में 463 से अधिक प्रशिक्षण बैचों में 20 हजार से अधिक खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रशिक्षित किया है।
इस आयोजन में मगरलोड ब्लॉक व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री विश्वजीत साहू, मेद्या खाद्य व्यापारी संघ के अध्यक्ष श्री धनेश्वर निषाद, मेद्या के सरपंच प्रतिनिधि श्री गजेन्द्र ध्रुव तथा खिसोरा की सरपंच श्रीमती राखी साहू का विशेष सहयोग रहा। प्रखर फाउंडेशन द्वारा सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
प्रशिक्षण में शामिल खाद्य कारोबारकर्ताओं ने बताया कि एनिमेशन वीडियो के माध्यम से खाद्य सुरक्षा से जुड़े वैज्ञानिक पहलुओं को सरल भाषा में समझाया गया, जिससे नियमों का पालन करना और भी सहज हो गया। सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण नियमित रूप से आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

