चार मिनट तक मौत सिरहाने खड़ी रही… सांस रोके रहने से बची जान
शराब दुकान के आहाते में सोते युवक के पास पहुंचा भालू,
सरोना से डा.बलराम सिंह साहू
कांकेर-नरहरपुर यह कोई फिल्मी सीन नहीं था, बल्कि हकीकत की वो खौफनाक रात थी, जहां एक युवक की जिंदगी और मौत के बीच फासला बस एक सांस का था। नरहरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में शराब दुकान के सुनसान आहाते में सो रहा युवक उस वक्त मौत से आंखें मिलाकर बच निकला, जब जंगल से निकला एक विशालकाय भालू अचानक उसके पास आ खड़ा हुआ।
भालू ने आहाते में घुसते ही तांडव मचाना शुरू कर दिया। कभी दहाड़, कभी सूंघने की आवाज़ें—चार लंबे मिनट ऐसे लगे मानो वक्त थम गया हो। युवक की आंखें खुल चुकी थीं, दिल ज़ोर-ज़ोर से धड़क रहा था, लेकिन उसने खुद को लाश की तरह स्थिर रखा। एक भी करवट… और अंत तय था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भालू युवक के बिल्कुल करीब तक आया, सूंघा, पंजे पटके, मगर युवक की हिम्मत उसकी सबसे बड़ी ढाल बन गई। सांस तक रोककर लेटे रहने के बाद आखिरकार भालू वहां से जंगल की ओर लौट गया। तब जाकर युवक ने राहत की सांस ली—नई जिंदगी उसकी किस्मत में लिखी थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह भालू पहले भी कई बार आबादी वाले इलाकों में घुस चुका है और दहशत फैलाता रहा है। घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। वन विभाग और प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है—जंगल से सटे इलाकों, खाली आहातों और खुले स्थानों पर सोना अब जानलेवा साबित हो सकता है।
👉 इस रात अगर युवक हिल जाता… तो आज यह खबर नहीं, एक मौत की सूचना होती।

