सोंढूर रोड पर पलटा ट्रैक्टर, युवक की दर्दनाक मौत, तीन घायल, इलाके में मचा हड़कंप
उत्तम साहू
नगरी। नगरी क्षेत्र में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। सिहावा थाना अंतर्गत ग्राम सांकरा से मैनपुर जाने वाली मुख्य सड़क पर सोंढूंर केनाल से लगे पुल के खतरनाक मोड़ पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण हादसे में ट्रैक्टर पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना भयावह था कि ट्रैक्टर पलटते ही चीख-पुकार मच गई। सड़क किनारे खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक एक युवक दम तोड़ चुका था।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर सांकरा से मैनपुर की ओर भारी सामान लेकर जा रहा था। पुल के मोड़ पर नियंत्रण खोते ही ट्रैक्टर पलट गया और उसके नीचे दबने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच हुआ, जिससे कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिहावा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। मृतक के शव को नगरी सिविल अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। वहीं घायलों का इलाज नगरी सिविल अस्पताल में जारी है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सोंढूंर केनाल पुल का मोड़ पहले भी कई हादसों का गवाह बन चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

