कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक संपन्न
अवसंरचना विकास और वित्तीय समावेशन जिले की प्राथमिकता — कलेक्टर
जनकल्याणकारी योजनाओं में बैंकों की भूमिका अहम
उत्तम साहू,धमतरी, 03 फरवरी 2026।
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बैंकिंग गतिविधियों, ऋण योजनाओं एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
शासकीय योजनाओं के ऋण प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी बैंकों को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं से जुड़े ऋण प्रकरणों एवं आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें। अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित बैंक या शाखा के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पीएम सूर्यघर योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सभी ऋण प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने आवेदन प्रक्रिया, स्थापना प्रक्रिया को सरल बनाने, विशेष शिविरों की संख्या बढ़ाने तथा एक समान दर नीति लागू करने पर जोर दिया।
लंबित ऋण प्रकरणों पर नाराजगी
कलेक्टर ने पीएमएफएमई योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के लंबित प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि फरवरी माह तक सभी लंबित आवेदनों का अनिवार्य रूप से निराकरण किया जाए। साथ ही नगरीय निकाय क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र प्रकरण तैयार करने पर बल दिया।
ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार पर जोर
कलेक्टर ने जिले की बड़ी पंचायतों में बैंकिंग सुविधा प्रारंभ करने हेतु निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को मजबूती मिलेगी।
कृषि के साथ अन्य क्षेत्रों में ऋण बढ़ाने के निर्देश
निजी क्षेत्र के बैंकों को निर्देशित किया गया कि वे कृषि के साथ-साथ उद्यानिकी, मत्स्य पालन एवं पशुपालन से संबंधित ऋण प्रकरणों पर भी विशेष ध्यान दें। किसान क्रेडिट कार्ड (पशुपालन एवं मत्स्य पालन) योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा
बैठक में जनसुरक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, आधार सीडिंग, एनआरएलएम 2025-26 के लक्ष्य, ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) तथा सितंबर 2025 तिमाही की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
अवसंरचना विकास और ऊर्जा स्वावलंबन पर विशेष जोर
कलेक्टर ने कहा कि अवसंरचना विकास, ऊर्जा स्वावलंबन एवं वित्तीय समावेशन जिले की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। इनसे जनसुविधाओं में सुधार के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर, आरबीआई प्रतिनिधि श्री अविनाश टोप्पो, उपसंचालक कृषि श्री मोनेश साहू, कार्यपालन अभियंता विद्युत मंडल श्री अनिल सोनी, नगर निगम उपायुक्त श्री पी.सी. सार्वा, लीड बैंक अधिकारी श्री इन्द्र कुमार टिलवानी सहित विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान डीएलसीसी एवं बैंक समीक्षा के अंतर्गत ऋण योजनाओं, कमजोर वर्गों के वित्तीय समावेशन, बीमा योजनाओं, बैंक सखी, सीएसआर गतिविधियों तथा पीएम सूर्यघर योजना के लिए ऋण एवं सब्सिडी व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर सहमति बनी।

