विश्व आर्द्रभूमि दिवस पर धमतरी वनमंडल में जागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित
विश्व आर्द्रभूमि (वेटलैंड) दिवस के अवसर पर धमतरी वनमंडल द्वारा जिले के विभिन्न वन परिक्षेत्रों में जागरूकता एवं स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों, वनकर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने मिलकर आर्द्रभूमि संरक्षण का संदेश दिया।
यह कार्यक्रम धमतरी वनमंडलाधिकारी श्री जयकृष्ण के निर्देशन में तथा संयुक्त वनमंडलाधिकारी श्री मनोज विश्वकर्मा एवं श्री जितेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के संचालन में प्रशिक्षु सहायक वन संरक्षक धमतरी, वन परिक्षेत्राधिकारी धमतरी, केरेगांव एवं नगरी, सहायक वन परिक्षेत्राधिकारी, वन अमला एवं ग्राम वन प्रबंधन समितियों का सराहनीय योगदान रहा।
वन परिक्षेत्र धमतरी अंतर्गत ग्राम विश्वामपुर रामटेकारी, ददलली (अ) तथा वन परिक्षेत्र केरेगांव अंतर्गत फूटहामुड़ा, नगरी एवं सांकरा के आसपास के ग्रामों में स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कार्यक्रम के अंतर्गत फूटहामुड़ा, विश्वामपुर रामटेकारी, ददलली (अ) एवं मटियाबाहरा फॉरेस्ट क्षेत्रों में श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों एवं वन कर्मियों ने मिलकर नदी, नाला, तालाब एवं जलाशयों को स्वच्छ रखने, वृक्षारोपण को बढ़ावा देने, जैव विविधता के संरक्षण, वनों में आग न लगाने तथा आर्द्रभूमि को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
वहीं ग्राम अमाली में वेटलैंड दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आर्द्रभूमि के महत्व, संरक्षण एवं सतत उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, वन प्रबंधन समिति के सदस्यों, महिला स्व-सहायता समूहों तथा स्थानीय ग्रामीणों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को यह संदेश दिया गया कि आर्द्रभूमि न केवल जल संरक्षण का महत्वपूर्ण माध्यम है, बल्कि जैव विविधता, पर्यावरण संतुलन एवं आजीविका से भी गहराई से जुड़ी हुई है।

