Gracious College of Education में 5 दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ
युवाओं को योग के जरिए सशक्त बनने का संदेश, प्रमाणपत्र कार्यक्रम का भव्य आगाज
उत्तम साहू
अभनपुर। Chhattisgarh Yoga Commission और ग्रेसियस कॉलेज ऑफ एजुकेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 5 दिवसीय ‘योग प्रमाणपत्र कार्यक्रम’ का शुभारंभ स्थानीय श्री ओंकार ऑडिटोरियम में भव्य समारोह के साथ हुआ। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में विद्यार्थियों को योग के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक पक्षों का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष Rupnarayan Sinha ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “योग भारत की प्राचीन विरासत है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। विद्यार्थियों के लिए योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक स्पष्टता, आत्म-नियंत्रण और व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। योग आयोग प्रदेश के कोने-कोने तक योग की ज्योति पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।”
ग्रेसियस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के डायरेक्टर डॉ. आशुतोष शुक्ला ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी और तनावपूर्ण जीवन में योग ही वह साधन है जो छात्र-छात्राओं को मानसिक संतुलन और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल शैक्षणिक डिग्री देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सुदृढ़ एवं संस्कारित बनाना भी है।
कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रिया तिवारी ने स्वागत भाषण देते हुए अतिथियों का अभिनंदन किया तथा कॉलेज की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षिका के मार्गदर्शन में विद्यार्थी योग की बारीकियों को व्यावहारिक रूप से सीखेंगे।
इस अवसर पर योग ज्योति प्रशिक्षिका श्री रविकांत (डॉ. योग ज्योति) ने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए आगामी सत्रों की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का मंच संचालन श्री तीरथ साहू (सहायक प्राध्यापक, केमिस्ट्री) एवं श्रीमती क्षमा मिश्रा (सहायक प्राध्यापक, गणित) ने संयुक्त रूप से किया। अंत में डॉ. माया सोनकर (सहायक प्राध्यापक, शिक्षा) ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की सफलता में डॉ. मुक्त कौशिक एवं श्री राजेंद्र साहू का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सहित बी.एड. एवं डी.एल.एड. के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस विद्यार्थियों में विशेष उत्साह एवं ऊर्जा देखने को मिली। आगामी पांच दिनों तक चलने वाले इस शिविर से विद्यार्थियों को योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का समग्र अवसर प्राप्त होगा।

