शादी की खुशियां मातम में बदली: कुरुद में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
उत्तम साहू
कुरुद। शादी की तैयारियों से गूंजता एक घर पलभर में मातम में बदल गया। कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम सिंधौरीखुर्द में 24 वर्षीय युवक वेद प्रकाश यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना से न केवल परिवार, बल्कि पूरा गांव स्तब्ध है।
तैयारियां चल रही थीं जोरों पर
मिली जानकारी के अनुसार, वेद प्रकाश की कुछ समय पहले ही सगाई हुई थी और घर में विवाह की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। 27 अप्रैल से मांगलिक कार्यक्रम शुरू होने थे, जबकि 29 अप्रैल को बारात निकलने वाली थी। लेकिन इससे पहले ही युवक के इस कदम ने सारी खुशियों पर विराम लगा दिया।
परिजनों ने बताया कि 26 मार्च की सुबह भोजन करने के बाद वेद प्रकाश अपने कमरे में आराम करने चला गया था। दोपहर तक जब वह बाहर नहीं निकला, तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका के बीच शाम को ग्रामीणों की मौजूदगी में रात करीब 8 बजे दरवाजा तोड़ा गया, जहां उसका शव पंखे से लटका मिला।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब सन्नाटा पसरा है। हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर ऐसी क्या वजह रही, जिसने युवक को यह कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
सूचना मिलते ही कुरुद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।

