डिवाइडर से टकराकर कार ट्रक में जा घुसी, 3 की मौत
कोरबा, 28 अप्रैल। चांपा हाईवे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई, जब परिवार एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहा था।
हादसे के शिकार सोनी परिवार का काशीनगर में टेंट हाउस का व्यवसाय है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। जानकारी के अनुसार, काशीनगर निवासी सोनी परिवार चांपा में एक कार्यक्रम (चौथिया) में शामिल होकर देर रात करीब 2 बजे अपनी कार से कोरबा लौट रहा था।
फरसवानी टोल नाके के पास कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क किनारे खड़े एक भारी ट्रक में जा घुसी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में मौके पर ही तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों में मांगरा सोनी (45 वर्ष), देवेंद्र सोनी (22 वर्ष) और प्रियंश (ढाई वर्ष) शामिल हैं।
परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए चांपा के एनकेएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, तेज रफ्तार ही हादसे की मुख्य वजह रही। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि कोरबा जिले में अप्रैल महीने के दौरान सड़क हादसों में काफी बढ़ोतरी देखी गई है। आंकड़ों के अनुसार, केवल अप्रैल माह में अब तक 26 लोगों की मौत सड़क दुर्घटनाओं में हो चुकी है।

