भीषण गर्मी पर नगर पंचायत का एक्शन: 7 वार्डों में शुरू हुआ बोर खनन, जल संकट से राहत की तैयारी
उत्तम साहू
नगरी। लगातार बढ़ती गर्मी के बीच नगरी नगर पंचायत ने पेयजल संकट से निपटने के लिए राहत कार्य तेज कर दिए हैं। नगर के कई इलाकों में बोरवेल और कुएं सूखने की स्थिति बनने लगी थी, जिससे लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही थी। ऐसे में नगर पंचायत ने त्वरित पहल करते हुए 7 वार्डों में बोर खनन कार्य शुरू करा दिया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा की पहल पर राज्य शासन से करीब 10 लाख रुपये की स्वीकृति मिली, जिसके बाद चयनित वार्डों में मशीनें पहुंच गईं और काम प्रारंभ हो गया। नगर प्रशासन का कहना है कि गर्मी के मौसम में नागरिकों को पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इन वार्डों में चल रहा कार्य
बोर खनन कार्य वार्ड क्रमांक 14 में केकराल तालाब के पास, वार्ड 13 में गुढ़ियारी तालाब के समीप, वार्ड 2 तुमबाहरा में स्कूल के पास, वार्ड 7 में यादव समाज भवन के पास, वार्ड 8 में आंगनबाड़ी भवन के सामने, वार्ड 5 में शिव मंदिर सामुदायिक भवन के पास तथा वार्ड 1 में डमका डीही तालाब के पास कराया जा रहा है।
सिंटेक्स टंकियों की भी तैयारी
नगर पंचायत ने केवल बोर खनन तक ही योजना सीमित नहीं रखी है। कुछ स्थानों पर बोर के साथ सिंटेक्स टंकियां स्थापित कर नियमित जल आपूर्ति की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि लोगों को लंबे समय तक राहत मिल सके।
जनता में जगी उम्मीद
भूमि पूजन के साथ शुरू हुए इन कार्यों से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। नागरिकों का मानना है कि यह पहल गर्मी के कठिन दिनों में बड़ी राहत साबित होगी। साथ ही इसे जनहित में जनप्रतिनिधियों की सक्रियता का उदाहरण भी माना जा रहा है।
कार्यक्रम में अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा, लोक निर्माण सभापति अश्वनी निषाद, स्वास्थ्य विभाग सभापति शंकरदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

