हनुमान जयंती पर विधायक अंबिका मरकाम ने किए दर्शन, रामायण कार्यक्रम में हुईं शामिल
उत्तम साहू
नगरी। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती अंबिका मरकाम ने विभिन्न हनुमान मंदिरों में पहुंचकर भगवान हनुमान जी के दर्शन-पूजन किए और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं उन्नति के लिए मंगलकामनाएं कीं।
इस दौरान विधायक मरकाम ग्राम उमरगाँव एवं शिवपुर पहुंचीं, जहां उन्होंने हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता निभाई। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम के परम भक्त हनुमान जी से क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।
ग्राम उमरगाँव और शिवपुर में आयोजित रामायण कार्यक्रम में शामिल होकर विधायक ने श्रद्धालुओं के साथ भक्ति भाव से रामकथा का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन पर बल देते हुए कहा कि हनुमान जयंती केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि शक्ति, सेवा, समर्पण और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने वाला उत्सव है।
उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भगवान हनुमान जी की कृपा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, साहस और एकता का संचार होता है। ऐसे आयोजन धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं और समाज को एकजुट रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी धमतरी के उपाध्यक्ष भानेंद्र ठाकुर, जनपद सदस्य प्रमोद कुंजाम, पार्षद मिक्की गुप्ता, जयंती साहू, तामेश्वरी साहू, मयंक ध्रुव, पिंकी यदु सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और पूजन के माध्यम से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

