सुशासन तिहार: तैयारियों को लेकर कलेक्टर की सख्ती, शिविरों में पुख्ता व्यवस्थाओं के निर्देश

0

 


सुशासन तिहार: तैयारियों को लेकर कलेक्टर की सख्ती, शिविरों में पुख्ता व्यवस्थाओं के निर्देश



                उत्तम साहू,धमतरी, 05 मई 2026।

सुशासन तिहार के सफल एवं प्रभावी आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने बुधवार सायंकाल जिला अधिकारियों की बैठक लेकर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी शिविरों में पूर्व से ही समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि यह आयोजन जनसमस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण का सशक्त माध्यम है, इसलिए विभागीय समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता और समयबद्ध कार्यप्रणाली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने शिविर स्थलों पर पेयजल, छाया, बैठक व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सतत मॉनिटरिंग करने और गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया, जिससे अधिकाधिक नागरिकों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

कलेक्टर ने यह भी दोहराया कि सभी विभाग अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें और प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब के प्रति शून्य सहनशीलता बरती जाएगी।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्रीमती इंदिरा देवहारी, एसडीएम धमतरी श्री पीयूष तिवारी, एसडीएम कुरूद श्री नभ सिंह कोसले, नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रिया गोयल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

🔷 अभियान के तहत मिलेंगी ये सुविधाएं

सुशासन तिहार के अंतर्गत शिविरों में आमजन को विभिन्न जनहितकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें प्रमुख रूप से—

  • आय, जाति, निवास प्रमाण पत्रों का त्वरित निराकरण
  • उज्ज्वला, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, पेंशन योजनाओं का लाभ
  • आधार पंजीयन, सुधार, केवाईसी व बैंक-आधार सीडिंग
  • युवाओं के लिए लर्निंग लाइसेंस जारी
  • प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित मामलों का निराकरण
  • स्वास्थ्य शिविर, एनीमिया जांच, टीबी मरीजों को पोषण किट
  • पीएम किसान, केसीसी, कृषि उपकरण व मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरण
  • गर्भवती महिलाओं के लिए गोदभराई, पोषण किट, अन्नप्राशन कार्यक्रम
  • पेयजल, बिजली, सौर ऊर्जा व स्थानीय समस्याओं का समाधान
 ✅ जनसेवा का संकल्प दोहराया

जिला प्रशासन ने सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने और नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने का संकल्प दोहराया है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !