धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता, 24 लाख के सोना-चांदी के आभूषण, नकदी और वाहन बरामद, 8 आरोपी गिरफ्तार

0

 

धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता, 24 लाख के सोना-चांदी के आभूषण, नकदी और वाहन बरामद, 8 आरोपी गिरफ्तार


उत्तम साहू,नगरी/धमतरी। धमतरी पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सूने मकानों में चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लाखों रुपये मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण, नकदी, मोबाइल फोन, चोरी की मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, नगरी थाना क्षेत्र के जंगलपारा निवासी राधिका साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 से 8 जून 2026 के बीच उनके घर में चोरी हो गई। वे परिवार सहित ग्राम जीजामगांव स्थित मातंगी धाम दर्शन के लिए गई थीं। वापस लौटने पर घर का पिछला दरवाजा खुला मिला और अलमारी तोड़कर उसमें रखे सोना-चांदी के आभूषण एवं नकदी चोरी कर ली गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर सेल और थाना नगरी की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और संदिग्धों की निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने एक अन्य चोरी के मामले में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वहीं मुख्य आरोपी तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का भी खुलासा किया, जिसके बाद चोरी की बाइक भी बरामद कर ली गई।

24 लाख रुपये की संपत्ति बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल लगभग 24 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है, जिसमें 144.11 ग्राम सोने के आभूषण और लगभग 2.16 किलोग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं।

बरामद सोने के जेवरों में रानी हार, मंगलसूत्र, गुलबंद, झुमका, बाली, अंगूठी और टॉप्स शामिल हैं। वहीं चांदी के करधन, पायल, सिक्के और रिंग भी जब्त किए गए हैं। इसके अलावा 11,300 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, चोरी में प्रयुक्त लोहे का रॉड तथा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

चोरी का माल खरीदने और छिपाने वालों पर भी कार्रवाई

जांच के दौरान पता चला कि चोरी के कुछ आभूषण आरोपी पुष्पजीत खरे ने नोवल जैन को बेच दिए थे। वहीं आरोपी लक्की गुप्ता ने चोरी का कुछ सामान अपनी मां सीमा गुप्ता के पास छिपाकर रखा था। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने और छिपाने में सहयोग करने के आरोप में दोनों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की है।

सभी आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने मामले में तामेन्द्र यादव उर्फ सोनू, लक्की गुप्ता, प्रहलाद नेताम उर्फ राहुल, हितेश्वर मरकाम उर्फ प्रधान, पुष्पजीत खरे उर्फ जीत्तू, भावेश कुमार साहू उर्फ मेलोडी, नोवल जैन तथा सीमा गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में चोरी गए अन्य सामान की तलाश और प्रकरण के अन्य पहलुओं की जांच अभी जारी है।

पुलिस की अपील

धमतरी पुलिस ने सराफा व्यवसायियों और आम नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध परिस्थितियों में सोना-चांदी अथवा अन्य कीमती सामान बेचने आने वाले व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपने कीमती सामान बैंक लॉकर में सुरक्षित रखें तथा घर को लंबे समय तक सूना छोड़ने से बचें।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !