रेत के नीचे छिपा था मौत का राज! नाले से दफन मिली युवती की लाश, प्रेमी समेत कई युवक पुलिस हिरासत में
सिर पर धारदार हथियार से वार, जांघ पर मिले खरोंच के निशान; दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका, फॉरेंसिक जांच से खुलेगा राज
महासमुंद। जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम झारा में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा उस वक्त हुआ, जब नाले की रेत में दफन एक युवती का शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान 18 वर्षीय भारती टंडन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने युवती के प्रेमी समेत कई संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर गांव के कुछ लोग नाले की ओर गए थे। वहां से दुर्गंध आने पर उन्होंने देखा कि रेत से मानव शरीर का हिस्सा बाहर निकला हुआ है। पास जाकर देखने पर रेत में दफन युवती का शव मिला। शव की हालत बेहद भयावह थी। पैरों के पंजे का हिस्सा जंगली जीव खा चुके थे और शरीर का निचला भाग निर्वस्त्र था। युवती की लेगिंग कुछ दूरी पर पड़ी मिली।
सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव की पहचान भारती टंडन के रूप में की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जहां मंगलवार को हुई जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवती के सिर पर करीब 6 इंच लंबा गहरा घाव मिला है, जो किसी धारदार हथियार से किया गया प्रतीत होता है। चोट इतनी गंभीर थी कि सिर की हड्डी तक टूट गई थी। इसके अलावा जांघ पर गहरे खरोंच के निशान भी पाए गए हैं। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका है। युवती के आंतरिक अंगों के नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे गए हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतका के संपर्क में रहने वाले कुछ युवकों, जिनमें उसका कथित प्रेमी भी शामिल है, को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल झारा गांव में इस घटना को लेकर भारी सनसनी और आक्रोश का माहौल है, जबकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।

