नगरी नगर पंचायत में विकास को नई रफ्तार, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने 2.18 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण, 2.76 करोड़ के नए कार्यों का भूमि पूजन

0

 

नगरी नगर पंचायत में विकास को नई रफ्तार, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने 2.18 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण, 2.76 करोड़ के नए कार्यों का भूमि पूजन



उत्तम साहू,नगरी। 31 जुलाई नगरी नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री एवं धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने शुक्रवार को करोड़ों रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। नगर पंचायत के सामुदायिक भवन में आयोजित मुख्य समारोह में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास की नई पहचान स्थापित हो रही है तथा सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।



कार्यक्रम के दौरान मंत्री वर्मा ने कुल 2 करोड़ 18 लाख 61 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें 57.36 लाख रुपये की लागत से एमआरएफ एवं कंपोस्ट प्लांट, 19.89 लाख रुपये की लागत से वार्ड क्रमांक 7 में क्रिकेट बॉक्स निर्माण, 27.07 लाख रुपये की लागत से वार्ड क्रमांक 1 में मुक्तिधाम विकास कार्य तथा 15वें वित्त आयोग अंतर्गत 16 निर्माण कार्य शामिल हैं।

इसके साथ ही उन्होंने लगभग 2 करोड़ 76 लाख 73 हजार रुपये की लागत वाले विभिन्न नए विकास कार्यों का भूमि पूजन कर नगर के विकास को नई दिशा देने का संदेश दिया।

कर्णेश्वर महादेव के दर्शन से की शुरुआत

नगरी प्रवास के दौरान मंत्री टंकराम वर्मा ने ऐतिहासिक कर्णेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में निर्मित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण एवं लोकार्पण किया।

"सत्ता से बड़ा संगठन, सुशासन हमारी पहचान"



अपने संबोधन में मंत्री वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां सत्ता से बड़ा संगठन होता है और संगठन के मार्गदर्शन में सरकार जनहित के कार्य करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और सुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए बड़े विचार, अच्छी सोच और श्रेष्ठ संगति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संत कबीर, संत रविदास और गुरु नानक के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि महान व्यक्तित्व चले जाते हैं, लेकिन उनके विचार सदैव जीवित रहते हैं और समाज का मार्गदर्शन करते हैं।

       युवाओं को दिया बड़ा संदेश



मंत्री वर्मा ने युवाओं से कहा कि यदि जीवन में बड़ा बनना है तो सोच भी बड़ी रखनी होगी। अच्छे लोगों की संगति, सकारात्मक विचार और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति ही सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि संगत व्यक्ति के व्यक्तित्व और भविष्य दोनों को प्रभावित करती है।

   

सरकार की योजनाओं का किया उल्लेख

अपने संबोधन में मंत्री वर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, गरीब कल्याण योजनाओं, महिलाओं के सम्मान, बुजुर्गों के हित और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाखों महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है तथा सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा और जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

जनप्रतिनिधियों ने भी रखे विचार

कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, पिंकी शिवराज शाह एवं श्रवण मरकाम नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने नगर पंचायत में हो रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए शासन की योजनाओं को जनहितकारी बताया।

इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष नागेंद्र शुक्ला, जिला पंचायत सभापति अजय ध्रुव नगरपंचायत उपाध्यक्ष विकास बोहरा रवि दुबे, जनपद अध्यक्ष महेश गोटा,उपाध्यक्ष हृदय साहू, सभापति राजेश गोसाईं प्रेमलता नागवंशी जनप्रतिनिधिगण, नगर पंचायत एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सभी पार्षद तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !