धमतरी आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: दो गांवों में दबिश, 34.150 बल्क लीटर महुआ शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
पोढ़िडीह और कोरगांव में विशेष अभियान के तहत कार्रवाई, आरोपियों को न्यायालय में किया गया पेश
उत्तम साहू,धमतरी, 24 जुलाई 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए जिला आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान कुल 34.150 बल्क लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
जिला आबकारी अधिकारी रोहित देवांगन के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। दोनों टीमों ने गोपनीय सूचना के आधार पर ग्राम पोढ़िडीह और कोरगांव में कार्रवाई को अंजाम दिया।
पोढ़िडीह में 25.650 बल्क लीटर महुआ शराब जब्त
आबकारी उप निरीक्षक निशांत साधु एवं विवेक कुमार दीवान के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना सिहावा क्षेत्र के ग्राम पोढ़िडीह में आरोपी शंकर लाल नेताम के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 25.650 बल्क लीटर महुआ शराब बरामद की गई।
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), 34(2) एवं 59-क के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कोरगांव में भी आबकारी टीम की कार्रवाई
दूसरी ओर आबकारी उप निरीक्षक आशीष ध्रुव एवं अजय कश्यप के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना मगरलोड क्षेत्र के ग्राम कोरगांव में कार्रवाई करते हुए संतोष कुमार (38 वर्ष) के कब्जे से 8.500 बल्क लीटर महुआ शराब जब्त की।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
जिला आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

