सर्व आदिवासी समाज भवन में बोर खनन व शौचालय निर्माण का भूमि पूजन, वर्षों पुरानी समस्या का होगा समाधान
उत्तम साहू,नगरी। नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 13 स्थित सर्व आदिवासी समाज भवन में पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी अब जल्द दूर होगी। नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा की पहल पर समाज भवन परिसर में बोर खनन कार्य पूरा होने के साथ ही शौचालय निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन किया गया।
जानकारी के अनुसार रानी दुर्गावती बलिदान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों ने समाज भवन में पानी और शौचालय की समस्या से अवगत कराया था। समाजजनों ने बताया था कि सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान इन सुविधाओं के अभाव में महिलाओं, बुजुर्गों और आगंतुकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
मांग को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने अपनी अध्यक्ष निधि से 2 लाख रुपये की लागत से बोर खनन कार्य की अनुशंसा की, जिससे समाज भवन में पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित हो गई। वहीं अधोसंरचना मद से 2 लाख रुपये की लागत से शौचालय निर्माण की स्वीकृति दिलाई गई, जिसके बाद निर्माण कार्य का भूमि पूजन संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के सभी समाज भवनों में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। समाज भवन सामाजिक एकता, संस्कृति और परंपराओं के केंद्र होते हैं, इसलिए यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।
सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित मांग पूरी होने से समाज में खुशी का माहौल है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर पंचायत उपाध्यक्ष विकास बोहरा, पार्षद यशकरण पटेल, अंबिका ध्रुव, अश्विनी निषाद, शंकरदेव देव, देवचरण ध्रुव, अलका साव, डागेश्वरी साहू, मिक्की गुप्ता, जयंती टुकेश्वरी साहू सहित नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, सर्व आदिवासी समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

