धमतरी में बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर, किराएदारों व कर्मचारियों का होगा अनिवार्य सत्यापन

0

 

धमतरी में बाहरी व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर, किराएदारों व कर्मचारियों का होगा अनिवार्य सत्यापन

एसपी भावना पांडेय ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, विवेचना अधिकारियों को वितरित किए मोबाइल टैब



उत्तम साहू 

नगरी,धमतरी। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी के लिए धमतरी पुलिस ने व्यापक अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय (भा.पु.से.) ने शनिवार को पुलिस कार्यालय में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं साइबर सेल की बैठक लेकर बाहरी व्यक्तियों, किराएदारों, नए कर्मचारियों तथा होटल-लॉज में ठहरने वाले लोगों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में एसपी ने कहा कि जिले में निवास करने वाले प्रत्येक बाहरी व्यक्ति, संदिग्ध प्रवासी, किराएदार एवं अस्थायी रूप से रहने वाले लोगों की जानकारी थाना स्तर पर अद्यतन रखी जाए। उन्होंने मकान मालिकों से भी अपील की कि किराए पर मकान देने से पहले किराएदार का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। थाना एवं चौकी प्रभारियों को जनसंपर्क अभियान चलाकर नागरिकों को पुलिस सत्यापन के प्रति जागरूक करने तथा आवश्यकता पड़ने पर नोटिस जारी कर सत्यापन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


निर्माण स्थलों और संस्थानों में भी होगी निगरानी



पुलिस अधीक्षक ने जिले के निर्माण स्थलों, औद्योगिक इकाइयों, राइस मिलों, फैक्ट्रियों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं अन्य संस्थानों में कार्यरत नए कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों एवं आगंतुकों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से संधारित करने को कहा गया।

पुलिस द्वारा ग्राम चौपाल, सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम, स्कूल-कॉलेज, व्यापारी संगठनों और औद्योगिक संस्थानों के माध्यम से पुलिस सत्यापन एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रमुख एवं दृष्टिगोचर स्थानों पर जागरूकता फ्लेक्स लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

        

          डिजिटल विवेचना को मिलेगा नया आयाम



बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने विभिन्न थाना एवं चौकियों में पदस्थ विवेचना अधिकारियों के लिए मोबाइल टैब सभी राजपत्रित अधिकारियों को वितरित किए। इन उपकरणों के माध्यम से घटनास्थल पर त्वरित दस्तावेजीकरण, ऑनलाइन डाटा संकलन, सीसीटीएनएस के बेहतर उपयोग तथा तकनीक आधारित अनुसंधान कार्यों को गति मिलेगी।

एसपी ने अधिकारियों को मोबाइल टैब का प्रभावी, जिम्मेदारीपूर्वक एवं पारदर्शी तरीके से उपयोग करने के निर्देश दिए।


       संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील



धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति, बाहरी व्यक्ति अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905, निकटतम थाना अथवा धमतरी पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9479192299 पर संपर्क किया जा सकता है।

पुलिस ने नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि आमजन की सतर्कता, पुलिस की सक्रियता और जनसहयोग से ही सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण धमतरी का निर्माण संभव है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !