भखारा में चाकू की नोक पर लूट का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, अपचारी बालक भी शामिल, नगदी-हथियार व वाहन जब्त

0

 

भखारा में चाकू की नोक पर लूट का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, अपचारी बालक भी शामिल, नगदी-हथियार व वाहन जब्त



उत्तम साहू,धमतरी। धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर मारपीट कर नगदी और ऑनलाइन रकम लूटने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तूफान वाहन, धारदार चाकू, तीन मोबाइल फोन और लूटी गई राशि में से 30 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में भखारा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और लगातार पतासाजी के आधार पर आरोपियों तक पहुंचकर वारदात के कुछ ही समय बाद पूरे लूटकांड का पर्दाफाश कर दिया।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे प्रार्थी मनीष सोनवानी अपने पिता खम्मन सोनवानी के साथ छोटा हाथी वाहन से मवेशियों को ग्राम रिवागहन स्थित अपने चाचा के घर ले जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम दर्री और गुजरा के बीच एक तूफान वाहन में सवार चार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोपियों ने मवेशी परिवहन को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और दोनों पिता-पुत्र के साथ मारपीट की। इसके बाद चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए 50 हजार रुपये नगद लूट लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने प्रार्थी से क्यूआर कोड स्कैन कराकर 28,500 रुपये भी ऑनलाइन अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए।

विशेष टीम ने ऐसे दबोचे आरोपी

घटना की सूचना मिलते ही भखारा थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6), 311 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर लगातार दबिश दी। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

ये सामान हुआ बरामद

आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तूफान वाहन (CG 05 X 4660) एक धारदार चाकू,तीन मोबाइल फोन,लूट की राशि में से 30 हजार रुपये नगद बरामद कर जब्त किए।

तीन आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस ने मामले में नागेंद्र साहू (19 वर्ष), नीरज ध्रुवंशी (23 वर्ष) और विनय ध्रुवंशी (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत अपचारी बालक को किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में लूट, चोरी, मारपीट, अवैध हथियार, नशे के कारोबार और अन्य संगीन अपराधों में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !