धमतरी पुलिस की बड़ी पहल: कार्यकाल के आखिरी दिन एसपी सूरज सिंह परिहार ने NDPS-SAFEMA पर दिया सख्त संदेश, बोले— "नशे के खिलाफ जंग रहेगी जारी"

0

 धमतरी पुलिस की बड़ी पहल: कार्यकाल के आखिरी दिन एसपी सूरज सिंह परिहार ने NDPS-SAFEMA पर दिया सख्त संदेश, बोले— "नशे के खिलाफ जंग रहेगी जारी"


उत्तम साहू 

धमतरी। धमतरी के पुलिस अधीक्षक के रूप में अपने कार्यकाल के अंतिम दिन रविवार को एसपी सूरज सिंह परिहार ने जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का स्पष्ट संदेश देते हुए पुलिस लाइन स्थित पुलिस कंपोजिट बिल्डिंग में एनडीपीएस एक्ट, 1985 एवं सफेमा एक्ट, 1976 पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन कराया। कार्यशाला में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, विवेचना अधिकारी तथा पुलिस कर्मियों ने भाग लेकर कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और वैज्ञानिक विवेचना की बारीकियों को समझा।



एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि "नशे का नाश राष्ट्रहित और राष्ट्र निर्माण का कार्य है। अपराधियों की गिरफ्तारी ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनकी अवैध संपत्तियों पर भी कठोर कानूनी कार्रवाई जरूरी है।" उन्होंने सभी अधिकारियों से एनडीपीएस और सफेमा अधिनियम के प्रावधानों का गहन अध्ययन कर साक्ष्य-आधारित विवेचना एवं मजबूत अभियोजन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।



कार्यशाला में सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, निरीक्षक चन्द्रकांत साहू तथा डीपीओ अजय सिंह ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीयन, तलाशी, जब्ती, इलेक्ट्रॉनिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के संरक्षण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना तथा न्यायालय में दोषसिद्धि सुनिश्चित करने के उपायों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया। साथ ही विवेचना के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई।


सफेमा एक्ट के अंतर्गत मादक पदार्थों की तस्करी एवं संगठित अपराधों से अर्जित अवैध चल-अचल संपत्तियों की पहचान, दस्तावेजी साक्ष्य संकलन, संपत्ति जब्ती एवं कुर्की की वैधानिक प्रक्रिया तथा विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से आर्थिक कार्रवाई की रणनीति पर भी अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि अपराधियों की आर्थिक शक्ति समाप्त करना अपराध नियंत्रण का सबसे प्रभावी तरीका है।



कार्यशाला में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने व्यावहारिक समस्याओं पर विशेषज्ञों से चर्चा कर समाधान प्राप्त किए और भविष्य में इन अधिनियमों के प्रभावी क्रियान्वयन का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन इस प्रतिबद्धता के साथ हुआ कि धमतरी पुलिस नशे के अवैध कारोबार, संगठित अपराध और अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के विरुद्ध लगातार कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई जारी रखेगी।


उल्लेखनीय है कि धमतरी पुलिस ने इस वर्ष पहली बार एनडीपीएस मामलों में सफेमा अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए करण धुरी, उषा धुरी और आरती रजक की अवैध संपत्तियों पर वैधानिक कार्रवाई की है। इसे अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


कार्यशाला में सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मोनिका मरावी, डीएसपी मीना साहू, एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी, डीपीओ अजय सिंह, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विवेचना अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !