ग्राम घठुला में आयुष स्वास्थ्य मेले में 616 मरीजों की जांच, 545 बच्चों को कराया गया स्वर्ण प्राशन

0

 

ग्राम घठुला में आयुष स्वास्थ्य मेले में 616 मरीजों की जांच, 545 बच्चों को कराया गया स्वर्ण प्राशन



उत्तम साहू,नगरी, 18 अगस्त 2026। संचालनालय आयुष विभाग रायपुर, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिला प्रशासन धमतरी एवं जिला आयुष विभाग के सौजन्य से विकासखंड नगरी के ग्राम घठुला में मंगलवार को एकदिवसीय निःशुल्क विकासखंड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। स्वास्थ्य मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं आयुष सेवाओं का लाभ लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के तैलचित्र पर माल्यार्पण, पूजन एवं स्तवन के साथ किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत घठुला की सरपंच श्रीमती सरिता ध्रुव, उपसरपंच श्री वेदराम साहू, श्री तोरण ध्रुव, श्री शत्रुघ्न साहू, श्री ललित प्रजापति, श्री कन्हैया साहू एवं ग्राम सचिव श्री बलराम चंदन सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



जिला आयुष अधिकारी डॉ. कृपा राम ठाकुर के मार्गदर्शन तथा शिविर प्रभारी डॉ. रविन्द्र कुमार वर्मा के सहयोग से आयोजित इस स्वास्थ्य मेले में कुल 616 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श किया गया। वहीं 140 लोगों की रक्त जांच की गई, जिसमें 12 मरीजों में रक्त शर्करा का स्तर बढ़ा हुआ पाया गया। संबंधित मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श देते हुए आगे की आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

        545 बच्चों को कराया गया स्वर्ण प्राशन



आयुष स्वास्थ्य मेले का विशेष आकर्षण स्वर्ण प्राशन कार्यक्रम रहा। इसके तहत कुल 545 बच्चों को स्वर्ण प्राशन ड्रॉप पिलाया गया। इस दौरान बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर का भी अवलोकन किया गया। जांच में लगभग 42 बच्चे कुपोषित श्रेणी में पाए गए। उनके अभिभावकों को बच्चों के संतुलित एवं पौष्टिक आहार, उचित देखभाल तथा नियमित स्वास्थ्य निगरानी के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।

मेले में विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच कर आयुष चिकित्सा पद्धति के अनुसार परामर्श दिया गया तथा आवश्यकतानुसार निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को योग, संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली तथा विभिन्न रोगों से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया।



स्वास्थ्य मेले के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उनके गांव के नजदीक ही स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध हुई। आयोजन के दौरान लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

शिविर के सफल आयोजन में आयुष विभाग के चिकित्सा दल, अधिकारी-कर्मचारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !