धमतरी के जलाशयों में जलभराव की स्थिति मजबूत, गंगरेल 90% और मुरूमसिल्ली 98.82% भरा

0

 धमतरी के जलाशयों में जलभराव की स्थिति मजबूत, गंगरेल 90% और मुरूमसिल्ली 98.82% भरा



उत्तम साहू,धमतरी, 30 अगस्त 2026। जिले और कैचमेंट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से धमतरी के प्रमुख जलाशयों में पानी की आवक तेज हो गई है। जल संसाधन विभाग, जल प्रबंध संभाग रूद्री द्वारा जारी दैनिक गेज रिपोर्ट के अनुसार रविशंकर सागर (गंगरेल) जलाशय 90.72 प्रतिशत, जबकि मुरूमसिल्ली जलाशय 98.82 प्रतिशत भर चुका है। मुरूमसिल्ली जलाशय लगभग पूर्ण भराव की स्थिति में पहुंच गया है।

गंगरेल में 3,548 क्यूसेक पानी की आवक

रविशंकर सागर (गंगरेल) क्षेत्र में पिछले 24 घंटे में 43 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यहां अब तक कुल 940 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। जलाशय में वर्तमान में 3,548 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि सिंचाई एवं अन्य आवश्यकताओं के लिए 400 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जलाशय का उपयोगी जल भराव 24.568 टीएमसी (695.79 मिलियन घन मीटर) दर्ज किया गया है।

मुरूमसिल्ली 98.82 प्रतिशत भरा

मुरूमसिल्ली जलाशय में भी लगातार बारिश के चलते जलस्तर तेजी से बढ़ा है। पिछले 24 घंटे में यहां 37 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जलाशय का उपयोगी जल भराव 98.82 प्रतिशत यानी 5.65 टीएमसी तक पहुंच गया है। जलाशय में जल संतुलन एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 246 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।

दुधावा में 82.37 और सोंढूर में 68.90 प्रतिशत भराव

दुधावा जलाशय में 82.37 प्रतिशत जल भराव दर्ज किया गया है। यहां 645 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है, जबकि 240 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

वहीं सोंढूर जलाशय क्षेत्र में अब तक 972 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है। जलाशय का भराव 68.90 प्रतिशत है और यहां से 592 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज जारी है।

जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार लगातार बारिश के कारण जिले के प्रमुख जलाशयों में जल आवक बनी हुई है। विभाग द्वारा जलस्तर और आवक-जावक की नियमित निगरानी की जा रही है। दैनिक गेज रिपोर्ट जल प्रबंध संभाग रूद्री द्वारा कलेक्टर भू-अभिलेख शाखा, धमतरी तथा संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को सूचनार्थ भेजी गई है।






Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !