उप जेल के मुख्य द्वार में रीलबाजी पड़ी भारी, दो युवक गिरफ्तार
उत्तम साहू,धमतरी, 20 अगस्त 2026। सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक यदि संवेदनशील एवं सुरक्षा से जुड़े स्थानों की मर्यादा और व्यवस्था को प्रभावित करे, तो पुलिस कार्रवाई तय है। धमतरी पुलिस ने उप जेल के मुख्य द्वार के सामने रील बना रहे दो युवकों के खिलाफ इसी मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली थी कि उप जेल धमतरी के मुख्य द्वार के समीप दो युवक मोबाइल से वीडियो एवं रील बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को जेल क्षेत्र की संवेदनशीलता तथा सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में समझाइश दी। उन्हें वहां रील बनाने से स्पष्ट रूप से मना भी किया गया।
इसके बावजूद दोनों युवक सार्वजनिक आवागमन एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित करते हुए रील बनाते पाए गए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शेख आसिफ पिता शेख अजीम (20), निवासी महंत घासीदास वार्ड, धमतरी तथा जसवंत सिंह हिरा पिता जसविंदर सिंह हिरा (23), निवासी सुंदरगंज वार्ड, धमतरी के विरुद्ध धारा 170/126, 135 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
दोनों को तत्काल गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी की सूचना उनके परिजनों को भी दी गई।
रील के चक्कर में सुरक्षा से समझौता नहीं
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जेल, न्यायालय, पुलिस कार्यालय सहित अन्य संवेदनशील एवं सुरक्षा से जुड़े स्थानों के आसपास अनावश्यक रूप से वीडियो या रील न बनाएं। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश में सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन न करें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी कृत्य को गंभीरता से लिया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


