अरसीकन्हार में आबकारी विभाग की दबिश, 20.200 बल्क लीटर कच्ची शराब जब्त
ओडिशा से लाई गई शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा न्यायिक अभिरक्षा में
उत्तम साहू
नगरी। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम अरसीकन्हार, थाना मेचका में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। टीम ने आरोपी के कब्जे से 20.200 बल्क लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की है।
जिला आबकारी अधिकारी रोहित देवांगन के मार्गदर्शन एवं जिला स्तरीय उड़नदस्ता प्रभारी पुरुषोत्तम सिन्हा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम को अवैध शराब के संबंध में गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने 9 सितंबर को ग्राम अरसीकन्हार में सुरेंद्र कुमार कावड़े, पिता बुद्धूराम कावड़े के निवास पर दबिश दी। तलाशी के दौरान ओडिशा से लाई गई 20.200 बल्क लीटर हाथ भट्टी कच्ची शराब बरामद हुई।
आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
कार्रवाई में आबकारी मुख्य आरक्षक मुरलीधर सोनी, आरक्षक प्रशांत कुमार यादव, भूषण वर्मा, अरविन्द नेताम, नीरज चंद्राकर एवं महिला आरक्षक सोमी पालेश्वर की सक्रिय भूमिका रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने आमजन से ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल आबकारी विभाग को देने की अपील की है।

