नशे के कारोबार पर कुरुद पुलिस का सख्त प्रहार, 416 नशीले कैप्सूल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

0

 

नशे के कारोबार पर कुरुद पुलिस का सख्त प्रहार, 416 नशीले कैप्सूल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

धोबनी तालाब के पास नशीले कैप्सूल बेचते पकड़े गए आरोपी, मोबाइल और नगदी सहित 46 हजार रुपये से अधिक का सामान जब्त

उत्तम साहू 

धमतरी, 8 सितंबर 2026।
जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत कुरुद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले कैप्सूल की बिक्री कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 416 नशीले कैप्सूल, दो मोबाइल फोन और 12,300 रुपये नगद सहित कुल 46,054 रुपये का सामान जब्त किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कुरुद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धोबनी तालाब स्थित शंकर मंदिर के पास कुछ व्यक्ति नशीले कैप्सूल की बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दबिश देकर दो आरोपियों को पकड़ लिया।

यह कार्रवाई 7 सितंबर 2026 की दरमियानी रात की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेखराम ध्रुव उर्फ दादू (29 वर्ष), निवासी बैगापारा कुरुद तथा भानुप्रताप धीवर उर्फ गोलू (42 वर्ष), निवासी धोबनीपारा कुरुद के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 416 नग नशीले कैप्सूल, जिनकी कीमत 4,754 रुपये बताई गई है, दो मोबाइल फोन कीमत 29,000 रुपये तथा 12,300 रुपये नगद बरामद किए हैं।

आरोपियों के खिलाफ थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 289/2026 के तहत धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

धमतरी पुलिस ने कहा है कि नशे का अवैध कारोबार युवाओं के भविष्य और समाज की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। जिले में नशीले पदार्थों की बिक्री और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना भय के नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार, एक सूचना किसी युवा का भविष्य बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !