पोषण की पाठशाला बना आंगनबाड़ी केंद्र, वार्ड 6 में हुआ अंगना मिलन समारोह
बच्चों के पोषण, मातृ स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर परिवारों को किया जागरूक
नगरी। कुपोषण के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और बच्चों व माताओं के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर नगर पंचायत नगरी के रानी दुर्गावती वार्ड क्रमांक 6 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 में अंगना मिलन समारोह आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की पहल पर आयोजित कार्यक्रम में पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बच्चों की देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर परिवारों को जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष एवं वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद विकास बोहरा, लोक निर्माण विभाग सभापति अश्वनी निषाद, राजस्व विभाग सभापति शंकर देव, महिला एवं बाल विकास विभाग सभापति चेलेश्वरी साहू, मुक्ता साहू, चेमीन साहू, मितानिन तामेश्वरी साहू सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, माताएं, गर्भवती महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।
समारोह के दौरान महिलाओं को बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार की उपयोगिता बताई गई। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को बच्चों के भोजन में शामिल करने, नियमित स्वास्थ्य देखभाल करने और बच्चों में स्वच्छता की आदत विकसित करने पर जोर दिया गया। भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने और घर के आसपास साफ-सफाई रखने की जानकारी भी दी गई।
स्वस्थ बच्चे ही मजबूत समाज की नींव : छाबड़ा
नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि कुपोषण से लड़ाई केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भागीदारी से ही सफल हो सकती है। उन्होंने माताओं से बच्चों के खान-पान पर विशेष ध्यान देने और आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों और गरीब परिवारों के कल्याण के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाएं संचालित हैं। पात्र परिवारों को इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां, स्वस्थ बच्चा और स्वच्छ परिवार ही स्वस्थ समाज की मजबूत आधारशिला है।
समारोह में बच्चों और महिलाओं के लिए पोषण एवं स्वच्छता आधारित गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने परिवारों को नियमित पोषण, स्वास्थ्य जांच और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय की भागीदारी से वार्ड को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में जागरूकता को मजबूत करना रहा।

