हाथियों की दस्तक से वनांचल में हाईअलर्ट, चंदा दल का दंतैल मोहंदी बीट में डेरा
सोनपैरी, बेलोरा, मोहंदी और बनियातोरा हाईअलर्ट पर, कई गांवों में ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की चेतावनी
उत्तम साहू
मगरलोड,उत्तर सिंगपुर। वन मंडल धमतरी के उत्तर सिंगपुर वन परिक्षेत्र में एक बार फिर हाथियों की मौजूदगी से वनांचल में दहशत और सतर्कता बढ़ गई है। सोमवार 14 सितंबर की सुबह करीब 9.15 बजे चंदा दल का दंतैल हाथी GB ME1 मोहंदी बीट के कक्ष क्रमांक 57RF में विचरण करता पाया गया। हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में हाईअलर्ट जारी कर ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
वन विभाग के अनुसार हाथी वर्तमान में मोहंदी सर्कल के अंतर्गत संबंधित वन क्षेत्र में विचरण कर रहा है। इस दौरान फसल क्षति की सूचना है, हालांकि अब तक किसी मकान या अन्य संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है। राहत की बात यह है कि हाथियों की मौजूदगी के बावजूद अभी तक किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
चार गांव हाईअलर्ट पर
हाथी की सक्रियता को देखते हुए सोनपैरी, बेलोरा, मोहंदी और बनियातोरा गांवों को हाईअलर्ट पर रखा गया है। वहीं पेंड्रा, बोदलबहरा, कुसुमखुटा, राजपुर, जामली और सोनेवारा को अलर्ट गांव घोषित किया गया है। वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है और ग्रामीणों को आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जा रही है।
जंगल जाने से बचने की अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से स्पष्ट अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्र में जंगल की ओर न जाएं और अकेले सुनसान रास्तों से आवाजाही न करें। ग्रामीण एक-दूसरे को भी हाथी की मौजूदगी की सूचना देकर सचेत करें। हाथी दिखाई देने पर उसके करीब जाने, फोटो-वीडियो बनाने या उसे छेड़ने के बजाय तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी को सूचना देने कहा गया है।
वन विभाग की निगरानी टीम में दल प्रमुख एससीएफओ दिनेश कुमार वर्मा के साथ बीएफओ कुलेश्वर कुमार कंवर, प्रभु राम कंवर, चूरामन पटेल और छाया ध्रुव सहित सुरक्षा श्रमिकों की टीम तैनात है। टीम शासकीय वाहन के माध्यम से क्षेत्र में लगातार निगरानी और ग्रामीणों को सतर्क करने का कार्य कर रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, सतर्क रहें और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

