मगरलोड..नारधा स्कूल में जनसहयोग से बैग पाकर खिले बच्चों के चेहरे
दानदाताओं ने स्कूल बैग, कलर प्रिंटर एवं झूला देकर शिक्षा और बच्चों के सर्वांगीण विकास को दिया नया संबल
मगरलोड/ शासकीय प्राथमिक शाला नारधा में जनसहयोग की प्रेरणादायी मिसाल देखने को मिली जहाँ दानदाताओं के सहयोग से विद्यालय के सभी बच्चों को स्कूल बैग विद्यालय के लिए कलर प्रिंटर एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए झूला प्रदान किया गया। स्कूल बैग पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उनमें उत्साह का वातावरण निर्मित हो गया।
विद्यालय के लिए डोमेन्द्र कुमार साहू संचालक सृष्टि अकादमी नवापारा द्वारा सभी स्कूली बच्चों को स्कूल बैग प्रदान करने के साथ ही कलर प्रिंटर एवं फोटो कॉपी मशीन प्रदान की गई। वहीं पलटन राम साहू ‘कवि’, गाड़ाडीह द्वारा बच्चों के मनोरंजन, शारीरिक सक्रियता एवं सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विद्यालय को झूला प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डोमेन्द्र कुमार साहू, संचालक सृष्टि अकादमी, नवापारा रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता टी.एस. ठाकुर, विकासखंड स्रोत समन्वयक ने की। विशेष अतिथि के रूप में तिलोत्तमा साहू सभापति जनपद पंचायत मगरलोड सी.आर. निषाद, संकुल प्राचार्य दूधवारा अध्यक्ष याज्ञवल्क निषाद, ग्राम विकास समिति, उपाध्यक्ष ईश्वर साहू, रोहित कुमार साहू, सेवानिवृत्त आर्मी एवं पंचायत प्रतिनिधि, डॉ. रामकृष्ण साहू, राजेंद्र साहू, मीडिया प्रभारी, द्रोणाचार्य निषाद,रवि जोगन, संकुल समन्वयक अमलीडीह, मनोहर कंवर, संकुल समन्वयक परसाबुड़ा, संजय बघेल, समन्वयक दूधवारा एवं केवरा साहू उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि डोमेन्द्र कुमार साहू ने बच्चों को स्कूल बैग वितरित करते हुए कहा कि विद्यालय में उपयोगी सामग्री एवं संसाधन उपलब्ध कराना केवल सहयोग नहीं, बल्कि समाज की भावी पीढ़ी के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि, उत्साह एवं सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे टी.एस. ठाकुर ने दानदाताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों के बच्चों का उत्साह बढ़ाने तथा उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में जनसहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ती है और उनके सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलती है।
दानदाता एवं प्रसिद्ध कवि पलटन राम साहू ने बच्चों की खुशी और उत्साह को देखते हुए विद्यालय को झूला प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने अपनी प्रसिद्ध कविता “मोर गांव गवा के” की शानदार प्रस्तुति दी, जिसे सुनकर उपस्थित जनसमुदाय एवं बच्चे भाव-विभोर हो गए। उनकी काव्य प्रस्तुति कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।
तिलोत्तमा साहू सभापति जनपद पंचायत मगरलोड ने जनसहयोग से किए गए इस कार्य को अनुकरणीय पहल बताते हुए कहा कि समाज के सक्षम लोगों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे आकर विद्यालयों एवं बच्चों की आवश्यकताओं में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें बेहतर शिक्षा एवं संस्कार प्रदान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संकुल अमलीडीह, परसाबुड़ा एवं दूधवारा के शिक्षकगण सुरेंद्र पटेल, सुंदर लाल ध्रुव, चन्द्रहास बघेल, रेखराज साहू, नोमेश कुमार साहू, देवनारायण चेलक, सरस्वती ठाकुर, गनेश्वर निषाद, महेंद्र कुमार मेहर, कौशल सेन तथा धारणी, अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
विद्यालय की ओर से प्रधान पाठक राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक छगन लाल साहू, शिक्षिका किरण निषाद, रवि कुमार सिन्हा, अमरीश कुमार साहू, दुर्गा निषाद एवं सिलोचना निषाद सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में श्री याज्ञवल्क निषाद ने सभी दानदाताओं, अतिथियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनसहयोग की यह पहल न केवल बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लेकर आई, बल्कि यह संदेश भी दे गई कि जब समाज और विद्यालय साथ मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो शिक्षा की राह और भी मजबूत एवं उज्ज्वल बनती है।


