गणेश विसर्जन से पहले धमतरी पुलिस का बदमाशों पर शिकंजा, थाने में कराई गई परेड

0

 

गणेश विसर्जन से पहले धमतरी पुलिस का बदमाशों पर शिकंजा, थाने में कराई गई परेड

नशे और अपराध से दूर रहने की दिलाई शपथ, अड्डेबाजी-चाकूबाजी पर विशेष निगरानी; संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी पेट्रोलिंग


उत्तम साहू 

धमतरी, 24 सितंबर 2026। गणेश विसर्जन झांकी और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने धमतरी पुलिस ने असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों पर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में गुंडा, निगरानी एवं माफी बदमाशों की सघन चेकिंग के साथ उन्हें थाने बुलाकर परेड कराई गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल और डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली, अर्जुनी और रूद्री थाना क्षेत्रों के ऐसे व्यक्तियों को थाने बुलाकर पुलिस अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से चर्चा की। इस दौरान उन्हें अपराध और नशे से दूर रहने तथा समाज में शांतिपूर्ण एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन बिताने की समझाइश दी गई। सभी को नशे एवं अपराध से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में आपराधिक गतिविधियों या अशांति फैलाने में संलिप्त पाए जाने पर कठोर वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिन लोगों के आचरण में लगातार सुधार पाया जाएगा और जो शांतिपूर्ण जीवन व्यतीत करेंगे, उनके निगरानी संबंधी रिकॉर्ड में नियमानुसार सुधार की कार्रवाई की जा सकती है।


अड्डेबाजी और चाकूबाजी पर रहेगी नजर

त्योहारों के दौरान अड्डेबाजी, लड़ाई-झगड़ा, चाकूबाजी और अन्य अवैध गतिविधियों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर लगातार पेट्रोलिंग और सघन चेकिंग की जाएगी। थाना प्रभारियों को ऐसे तत्वों के खिलाफ प्रभावी प्रतिबंधात्मक एवं माइनर एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने कहा है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई में डीएसपी साइबर भानूप्रताप चंद्राकर, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जगत सहित कोतवाली, अर्जुनी और रूद्री थाना पुलिस की भूमिका रही।



Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !