धमतरी..फ्रिज में जोरदार धमाका,मकान में लगी आग
धमाके की आवाज से मचा हड़कंप, समय रहते आग पर पाया काबू; घर का सामान जलकर खाक
धमतरी। शहर के लालबगीचा वार्ड में शनिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब बड़े गौरा चावरा के पीछे स्थित एक मकान में रखे फ्रिज में अचानक तेज धमाका हो गया। धमाके के तुरंत बाद फ्रिज से निकली आग ने मकान के भीतर रखे सामान को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। घटना के वक्त घर में बुजुर्ग महिला अपनी बेटी बबीता साहू के साथ मौजूद थी। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि शाम के समय अचानक फ्रिज से धुआं निकलने लगा। घरवाले कुछ समझ पाते, इससे पहले ही फ्रिज में जोरदार ब्लास्ट हो गया। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि मकान के भीतर आग फैल चुकी है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और पुलिस की 112 सेवा तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने तक मकान के भीतर रखा कई घरेलू सामान जल चुका था। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
घटना के बाद आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। फ्रिज में अचानक हुए धमाके की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट अथवा तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। घटना से मकान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


