सांकरा में विश्वकर्मा जयंती पर सजेगा संस्कृति का रंग
17 सितंबर को स्थापना-पूजन, रात 9 बजे गूंजेगी गम्मतिहा की छत्तीसगढ़ी ठिठोली; पप्पू चंद्राकर देंगे प्रस्तुति
उत्तम साहू,नगरी सांकरा। भगवान विश्वकर्मा की भक्ति के साथ छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति का रंग जमाने की तैयारी सांकरा में पूरी हो गई है। जय मां दंतेश्वरी राजमिस्त्री संघ सांकरा के तत्वावधान में 17 सितंबर 2026, गुरुवार को मानस मंच सांकरा में विश्वकर्मा पूजा समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति स्थापना कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी।
विश्वकर्मा जयंती के इस आयोजन को लेकर राजमिस्त्री संघ और आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। पूजा समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, राजमिस्त्री संघ के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल होंगे।
आयोजन का खास आकर्षण रात्रि 9 बजे से होने वाला भव्य छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक गम्मतिहा कार्यक्रम रहेगा। प्रसिद्ध गम्मतिहा कलाकार पप्पू चंद्राकर अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। भक्ति, हास्य और छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति से सराबोर यह कार्यक्रम क्षेत्रवासियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हिरसिंग निषाद, अध्यक्ष जय मां दंतेश्वरी राजमिस्त्री संघ सांकरा, करेंगे। मुख्य अतिथि सन्नी साहू (कर्मा एजेंसी, सांकरा) होंगे। विशेष रूप से नागेन्द्र बोरझा (सरपंच ग्राम पंचायत सांकरा), अमन ध्रुव (सरपंच ग्राम पंचायत हिन्छापुर), नगिना सोम (सरपंच ग्राम पंचायत नवागांव), शत्रुधन नाग (सरपंच ग्राम पंचायत बोड़रा), वरुण कुमार सोम (ग्राम मल्हारी), गिरधारी साहू (पेट्रोल पंप सांकरा) एवं श्रवण कुमार सूर्यवंशी (पेट्रोल पंप छिन्दपारा) सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
आयोजन समिति ने समस्त ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना और छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील की है।

