धमतरी..शराब के नशे में ट्रांसफार्मर के खंभे पर चढ़ा युवक, मचा हड़कंप
शांति कॉलोनी चौक में लगी लोगों की भीड़, ट्रैफिक जाम की बनी स्थिति; पुलिस, बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड ने घंटेभर की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा
उत्तम साहू,धमतरी। शहर के शांति कॉलोनी चौक में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में एक युवक अचानक ट्रांसफार्मर के खंभे पर चढ़ गया। युवक को खंभे के ऊपर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। भीड़ बढ़ने के कारण चौक पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति भी निर्मित हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। सबसे पहले बिजली बंद किया गया फिर युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए टीमों ने करीब एक घंटे तक मशक्कत की। काफी प्रयास के बाद युवक को सकुशल खंभे से नीचे उतारा गया।
युवक के नीचे उतरते ही उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। समय रहते पुलिस, बिजली विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने से एक बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। समाचार लिखे जाने तक उसका नाम, पता और वह किस स्थान का रहने वाला है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई थी। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।


