मोदी के जन्मदिन पर मसानडबरा के जनमन आवास परिसर में जले ‘आशीर्वाद के दीये’

0

 

मोदी के जन्मदिन पर मसानडबरा के जनमन आवास परिसर में जले ‘आशीर्वाद के दीये’

दिवाली जैसा दिखा नजारा, कमार परिवारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना की



उत्तम साहू 

नगरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जनमन योजना के तहत निर्मित मसानडबरा के कमार आवासीय परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत धमतरी के अध्यक्ष अरुण सार्वा के आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में कमार परिवारों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। बड़ी संख्या में दीप जलने से पूरा आवासीय परिसर रोशनी से जगमगा उठा और यहां दिवाली जैसा माहौल दिखाई दिया।



मसानडबरा का यह जनमन आवासीय परिसर विशेष रूप से कमार परिवारों के लिए तैयार किया गया है। जनमन योजना के तहत विकसित इस परिसर में मूलभूत सुविधाओं के साथ आवास उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया गया है। परिसर के विकास और व्यवस्थाओं को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा की व्यक्तिगत पहल भी चर्चा में रही है। उनके द्वारा व्यक्तिगत स्तर पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने की बात कही गई। यही वजह है कि मसानडबरा का जनमन आवासीय परिसर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में चर्चा का विषय बना है।



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े परिवारों के जीवन में बदलाव लाने के लिए अनेक योजनाएं शुरू की हैं। जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों को आवास और मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मसानडबरा में कमार परिवारों के लिए बने आवास केवल पक्की छत नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षित भविष्य का आधार हैं।

उन्होंने कहा, “आज हम सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना के लिए आशीर्वाद का दीया जला रहे हैं। यह दीप केवल रोशनी का प्रतीक नहीं, बल्कि जनसेवा, विश्वास और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक है। हमारा प्रयास है कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और जरूरतमंद परिवार सम्मान के साथ जीवन जी सकें।”



उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प में सहभागी बनने तथा शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान कमार परिवारों सहित ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक दीप प्रज्ज्वलित किए। बड़ी संख्या में दीप जलने से आवासीय परिसर आकर्षक रोशनी से जगमगा उठा। इस दौरान ग्रामीणों में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।


कार्यक्रम में जनपद पंचायत नगरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नारद कुमार मांझी, ग्राम पंचायत सांकरा के सरपंच नागेंद्र बोर्झा, सचिव मदन सेन, जनपद सदस्य राजेश नाथ गोसाई, भाजपा की वरिष्ठ कार्यकर्ता रामभुवन साहू,श्रीमती सुलोचना साहू सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !